लापता अवनीश की हत्या, शव खेत से मिला
रायपुरसादात/नजीबाबाद। मानवाला से लापता व्यक्ति का शव गन्ने के खेत से मिला है। उसके गले में फंदा पड़ा था और पेट में चाकू से वार किया हुआ था। पुलिस जांच करने में लगी हुई है।
नगीना देहात थाना क्षेत्र के गांव मानवाला निवासी 30 वर्षीय अवनीश कुमार शनिवार दोपहर बाद से लापता था। देर शाम तक घर वापस न पहुंचने पर परिजनों ने पूरी रात तलाश किया। गांव से लगभग दो किलोमीटर दूर श्यामपुर के पास गन्ने के खेत में उसका शव पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से उसका मोबाइल और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया। सीओ नगीना अर्चना सिंह और थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने परिजनों से जानकारी की है, लेकिन फिलहाल परिजनों ने किसी से रंजिश भी नहीं बताई है।