- गांव महमसापुर के सिद्धपीठ मंदिर परिसर में लहूलुहान और नग्न हालत में पड़ा मिला पुजारी
- पुजारी की हालत नाजुक देखते हुए मेरठ के लिया किए गए रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
नांगलसोती (बिजनौर)। गांव महमसापुर के जंगल में स्थित सिद्धपीठ मंदिर के पुजारी खूब सिंह महाराज पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शनिवार सुबह मंदिर परिसर में घायल पुजारी अचेत हालत में पड़े मिले। हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल से मेरठ के लिए रेफर किया गया है।
गांव महमसापुर की आबादी से लगभग एक किमी दूर राजीव कुमार के खेत में सिद्ध बाबा मंदिर है। ढाई महीने से मंदिर की देखभाल पुजारी खूब सिंह महाराज (85) कर रहे है। शनिवार की सवेरे खेतों पर काम करने गए किसानों ने पुजारी को मंदिर परिसर में घायल अवस्था में बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। ईंटों से ताबड़तोड़ वार करते हुए पुजारी को घायल किया गया है।
सूचना मिलने पर नांगलसोती थाना प्रभारी राकेश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और पुजारी खूब सिंह को तत्काल जिला चिकित्सालय भेजा गया। जहां से उन्हें मेरठ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। एएसपी सिटी संजीव वाजपेई, सीओ देश दीपक सिंह भी मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई।
फॉरेंसिक टीम नहीं जुटा सकी सुबूत
फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंची। मगर, इससे पहले ही नांगल पुलिस की मौजूदगी में मंदिर परिसर में जगह जगह बिखरे खून को फर्श की धुलाई करते हुए साफ कराया जा चुका था।
400 मीटर दूर मिले पुजारी के मोबाइल और बैग
मंदिर से लगभग 400 मीटर की दूरी पर एक गन्ने के खेत में पुजारी के टूटे हुए दो मोबाइल और दो कपड़ों के बैग बरामद हुए हैं। पुजारी के बैग गन्ने के खेत में मिलने की वजह से चोरी की आशंका जाहिर की जा रही है। हालांकि पुलिस का दावा है कि हमलावर चोरी के इरादे से नहीं घुसे थे। सभी सामान सुरक्षित है और पुजारी के 200 रुपये भी वहीं मिले हैं। ग्रामीणों के मुताबिक पुजारी पथरी और बवासीर जैसी बीमारियों का उपचार भी करते थे।
हमला करते हुए पुजारी को घायल करने के मामले में पुलिस टीम लगी हुई है। दो संदिग्ध युवकों की तलाश में पुलिस जुटी है। पुजारी का मोबाइल और 200 रुपये वहीं मिले हैं। ऐसे में चोरी के इरादे मंदिर में घुसने की आशंका भी नहीं है। पुजारी का मेरठ में इलाज चल रहा है। - संजीव वाजपेयी, एएसपी सिटी