-जिले में 24 घंटे के लिए हड़ताल पर रहे निजी चिकित्सक
-निजी चिकित्सकों ने बिजनौर क्लब में प्रदर्शन कर डीएम को सौंपा ज्ञापन
-सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों ने काली पट्टी बांधकर किया विरोध
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। कोलकाता में जूनियर डॉक्टर के साथ हुई दरिंदगी के विरोध में बिजनौर में भी चिकित्सक शनिवार को सड़कों पर उतरे। चिकित्सकों ने बिजनौर क्लब में प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री के नाम डीएम को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। जिसमें उन्होंने दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही चिकित्सकों ने शाम को शहर में शांतिपूर्वक कैंडल मार्च निकाला।
जिले में आईएमए के आह्वान पर 24 घंटे के लिए निजी चिकित्सक हड़ताल पर रहे। इस दौरान चिकित्सकों ने सिर्फ इमरजेंसी सेवाएं दी। शनिवार को बिजनौर क्लब में आईएमए अध्यक्ष डॉ. योगेंद्र सिंह ने नेतृत्व में चिकित्सकों ने प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। आईएमए के बैनर तले चिकित्सक अपने वाहनों से कलेक्ट्रेट पहुंचे।
यहां उन्होंने डीएम को दिए ज्ञापन में चिकित्सकों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को अराजक घटनाओं से बचाने के लिए केंद्रीय कानून बनाने, सभी स्वास्थ्य देखभाल संस्थानों को विशेष संरक्षित क्षेत्र घोषित करने और मेडिकल छात्राें, राष्ट्रीय चिकित्सा परिषद को डॉक्टरों की सुरक्षा संबंधी सख्त नियमों को लागू करने का अधिकार देने की मांग की। वहीं शाम को कैंडल मार्च बिजनौर क्लब से नगरपालिका चौराहे तक निकाला गया। इस मौके पर सचिव डॉ. आशु आत्रेय, डॉ. कपिल, डॉ. सीपी सिंह, डॉ. अनिल अग्रवाल, डॉ. दिनेश डिगरी, डॉ. दिपेंद्र सिंह, डॉ. राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
मेडिकल अस्पताल में चिकित्सकों ने काली पट्टी बांधकर देखे मरीज-
बिजनौर। मेडिकल अस्पताल में भी चिकित्सकों ने कोलकाता में जूनियर डॉक्टर के साथ हुई घटना का काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। चिकित्सकों ने काली पट्टी बांधकर मरीज देखे। डॉ. रजनीश ने कहा कि जूनियर डॉक्टर के साथ दरिंदगी हुई है। आरोपियों को कड़ी सजा दी जाए। इस मौके पर सीएमएस डॉ. मनोज सेन, डॉ. आरएस वर्मा, डॉ. बीआर त्यागी, डॉ. संजय शंकर, डॉ. नरेश जौहरी, डॉ. याज्ञवेंद्र सिंह, डॉ. राजीव रस्तोगी, डॉ. ओपी सिंह आदि रहे।
नूरपुर। कस्बे में भी डॉक्टरों ने विरोध जताते हुए पैदल मार्च कर राष्ट्रपति के नाम अपराध निरीक्षक रविंद्र कुमार को ज्ञापन सौंपा। मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह ने दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की। इस मौके पर डॉ. शमीम राही, डॉ. अबरार हुसैन, डॉ. खलील अहमद, डॉ. राजवीर राणा, डॉ. सुनील कुमार राणा, डॉ. ऋतुनंदन शर्मा, डॉ. नसीम अहमद, डॉ. एस त्यागी आदि मौजूद रहे।
फोटो..
नहटौर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और आयुष डॉक्टर्स एसोसिएशन के आह्वान पर चिकित्सकों ने अपने क्लिनिक बंद रखकर विरोध जताया। साथ ही आयोजित बैठक में चिकित्सकों ने कोलकाता में प्रशिक्षु महिला चिकित्सक के साथ सामूहिक दुष्कर्म व हत्या की घटना की घोर निंदा की। बैठक में डॉ. परवेज आलम, डॉ. धर्मपाल सिंह, डॉ. सलीम अहमद, डॉ. एके गोयल, डॉ.फारूख आदि मौजूद रहे।
स्योहारा। कस्बे में आईएमए के बैनर तले चिकित्सकों ने पैदल मार्च निकालकर प्रधानमंत्री के नाम थाना प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में महिला चिकित्सक के हत्यारों को गिरफ्तार कर सख्त सजा दिलाने की मांग की। इस मौके पर डाॅ. मनोज वर्मा, डाॅ. एचएस कालड़ा, डाॅ. विनीत देवरा, डाॅ. अजय राणा, डाॅ. वीरेंद्र सिसोदिया, डाॅ. अदनान मारूफ आदि मौजूद रहे।
चांदपुर। कस्बे में कोलकाता में महिला डॉक्टर से हुई घटना के विरोध में चिकित्सकों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। चिकित्सकों ने रामलीला मैदान से तहसील तक पैदल मार्च निकाला और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर डॉ. एसके गर्ग, डॉ. केसी मित्तल, डॉ. भूपेंद्र तोमर, डॉ. शकील हाशमी, डॉ. अरविंद्र भारद्वाज, डॉ. अरशद जैदी आदि मौजूद रहे।
किरतपुर। कस्बे में नीमा किरतपुर के सभी सदस्यों ने क्लिनिक बंद करके विरोध जताया। चिकित्सकों ने थानाध्यक्ष तेजपाल सिंह को ज्ञापन देकर सरकार से सामूहिक दुष्कर्म और हत्या करने वालों पर कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर अध्यक्ष डॉ. नूर अहमद, डॉ. आदिल जमील, डॉ. सलीम अंसारी, डॉ. कुलदीप रस्तोगी, डॉ. अजय रंधर, डॉ. शकील खान आदि मौजूद रहे।
नगीना। कोलकाता में महिला चिकित्सक के साथ हुई शर्मनाक घटना के विरोध में नगीना के चिकित्सकों ने भी विरोध जताया। घटना की घोर निंदा की। इस मौके पर फरहान मोहम्मद, रामसा अंसारी, एमएम गिल, डॉ. मोहम्मद अतीफ, डॉ. सुहैल, आरिफ, डॉ. जितेंद्र आदि मौजूद रहे।