ठंड से बचने के लिए अलाव का लिया सहारा
ठंड का प्रकोप बढ़ रहा है। लोग बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। शहर में चौराहों पर अलाव जल रहे हैं। अधिक ठंड होने पर लोग अलाव के पास आकर ही रुक रहे हैं। इसके अलावा रोडवेज बस स्टैंड सहित शहर में कई टैंट की व्यवस्था भी की गई है।
ठंड अधिक होने से बढ़ रहे सांस रोगी
मेडिकल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. आरएस वर्मा का कहना है कि ठंड में सांस रोगियों की संख्या बढ़ गई है। अस्पताल में रोजाना 30 मरीज तक सांस की बीमारी के पहुंच रहे हैं। इसके अलावा बुखार, जुकाम, खांसी, दर्द के मरीज भी काफी संख्या में आ रहे हैं। लापरवाही बरतने पर बच्चे ठंड के अधिक शिकार हो रहे हैं।
दिन अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
रविवार 15.2 8.8
सोमवार 18.4 8
मंगलवार 18.8 7.8
बुधवार 18.8 5.4
नोट: तापमान डिग्री सेल्सियस में है और नगीना स्थित कृषि वेधशाला से लिया गया है।
पाला व कोहरे का कहर, सब्जियों, आलू पर मंडराया झुलसा रोग
पिछले कई दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। घना कोहारा छाया रहने, पाला पड़ने और धूप नहीं निकलने से जनमानस ठिठुर रहा है, वहीं आलू, गेहूं की फसल सरसों और सब्जियों की फसल पर झुलसा रोग का असर दिखाई देने लगा है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने झुलसा रोग से बचाव को गाइड लाइन जारी की है।
कोहरा व पाले का असर दिनोंदिन बढ़ने से जनपद का तापमान कम हो रहा है। विषय विशेषज्ञ हरज्ञान सिंह का कहना है कि कोहरा व पाला ज्यादा पड़ने से आलू, गेहूं, सरसों की फसल झुलसा रोग की चपेट में है। किसान गेहूं फसल की हल्की सिंचाई करें। कृषि विभाग के उप कृषि निदेशक गिरीश चंद्र ने बताया कि टमाटर तथा मिर्च में झुलसा रोग के नियंत्रण के लिए मैंकोजेब 0.2 प्रतिशत की दो ग्राम मात्रा प्रति लीटर पानी में घोलकर छिड़काव करें।
सब्जियों के खेतों में विशेषतया टमाटर, मिर्च फसल में विषाणु रोग का प्रकोप अधिक हो रा है। इसके फैलाव की रोकथाम के लिए डाईमेथोएट अथवा मिथाईल ओ, डिमेटॉन एक मिली को प्रति लीटर पानी में घोल बनाकर छिड़काव करें।