ग्राम गोहावर में सड़क किनारे पलटने से मिनी ट्रक में लगी आग।
- फोटो : अमर उजाला
नूरपुर में मुरादाबाद मार्ग पर गांव गोहावर के पास ई-रिक्शा को टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित हुआ मिनी ट्रक सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे में मिनी ट्रक में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा चालक सहित तीन लोग घायल हो गए। मिनी ट्रक के पलटने के बाद उसमें आग लग गई। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने आग पर काबू पाया।
हरियाणा के महेंद्रगढ़ की वीरेंद्र फ्रूट कंपनी का मिनी ट्रक बृहस्पतिवार को स्योहारा क्षेत्र के गांव हल्दुआ से सिंघाड़ा भरने आया था। ट्रक में चालक हरियाणा के महेंद्रगढ़ निवासी रमेश व एक अन्य व्यक्ति के अलावा नूरपुर के मोहल्ला गांधीनगर निवासी सर्वेश और काले सवार थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे मुरादाबाद मार्ग पर गांव गोहावर के पास अनियंत्रित हुए मिनी ट्रक ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी और सड़क किनारे गड्ढे में जाकर पलट गया। हादसे के दौरान ट्रक से निकलकर सड़क पर गिरे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रक में फंसे अन्य लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। मौके पर पहुंची पुलिस मृतक के साथ घायल सर्वेश, काले और ई-रिक्शा चालक अरुण निवासी गांव मदारीपुर एवं गोहवार निवासी कल्लु को सीएचसी पहुंचाया, जहां सर्वेश की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मिनी ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया। करीब डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने आग बुझाई। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार मृतक संभवतया हरियाणा का रहने वाला है। एसएचओ सतेंद्र कुमार ने बताया कि ट्रक के मालिक को हादसे की सूचना दे दी गई है तथा मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।