हल्दौर क्षेत्र के गांव रुस्तमपुर में नहर के पास के सड़क दुर्घटना में दूध विक्रेता की मौत पर जाम
हल्दौर। गांव रुस्तमपुर नहर के पास शुक्रवार दोपहर किसान नेता की कार से टकराकर बाइक सवार दूध विक्रेता की मौत हो गई। कार पर किसान यूनियन मुरादाबाद ( इंडिया ) मंडल महासचिव का स्टीकर लगा है। उसमें सवार सभी लोग भाग निकले। विरोध में ग्रामीणों ने बिजनौर-मुरादाबाद स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब डेढ़ घंटे लगे जाम से दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। इस दौरान लोगों को गर्मी के कारण भारी परेशानी कर सामना करना पड़ा।
थाना क्षेत्र के गांव कुंवर मिठन प्रताप सिंह निवासी शमशाद (35) पुत्र बसरुद्दीन दूध विक्रेता था। शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे वह चांदपुर व आसपास क्षेत्र में दूध बेचकर गांव शादीपुर कलां से होकर बाइक से अपने घर लौट रहा था। बिजनौर-मुरादाबाद स्टेट हाईवे पर विपरीत दिशा से आ रही एक कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। बाइक कार के नीचे फंसकर काफी दूर तक घिसटती चली गई। बाद में वह सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। बाइक सवार शमशाद की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों व ग्रामीणों ने शव को हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया।
एसडीएम सदर अवनीश कुमार, सीओ सिटी राकेश वशिष्ठ, सीओ ट्रैफिक संग्राम सिंह व थाना प्रभारी राजेश कुमार बैंसला समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
उन्होंने लोगों को उचित मुआवजा व आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खोलने को कहा। इस पर पुलिस व ग्रामीणों की तीखी नोकझोंक भी हुई। काफी समझाने पर करीब डेढ़ घंटे बाद ग्रामीण जाम खोलने को राजी हुए।
इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गईं। जाम में फंसे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
हल्दौर क्षेत्र के गांव रुस्तमपुर में नहर के पास के सड़क दुर्घटना में दूध विक्रेता की मौत पर जाम
हल्दौर क्षेत्र के गांव रुस्तमपुर में नहर के पास के सड़क दुर्घटना में दूध विक्रेता की मौत पर जाम