दूध के दामों में दो से चार रुपये लीटर तक की गिरावट
बिजनौर। पराग द्वारा दूध के साथ साथ-साथ दूध के अन्य उत्पाद भी उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराया जा रहा है। दूध के दामों में चार रुपये प्रति लीटर तक की कमी की गई है। दूध के दस रुपये के पैक भी बाजार में उपलब्ध कराए गए हैं। पराग के मुरादाबाद मंडल के प्रधान प्रबंधक दलजीत सिंह के अनुसार पैकिंग दूध के दामों में चार रुपये प्रति लीटर की कमी की गई है। फुल क्रीम दूध अब 56 रुपये के बजाए 52 रुपये प्रति लीटर बेचा जा रहा है। स्टैंडर्ड दूध 50 रुपये के बजाए 48 पर उपभोक्ताओं को दिया जाएगा। पराग स्टैंडर्ड दूध के दस रुपये में 200-200 एमएल के पाउच भी उपभोक्ताओं को उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने बताया कि दूध के अलावा दही, छाछ, पनीर व मट्ठा भी उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी करके घर पर उपलब्ध कराया जा रहा है। दूध के घटे हुए दाम एक अप्रैल से लागू होंगे।