बालावाली पुल सील, लोगों का हो रहा स्वास्थ्य परीक्षण
मंडावर। उत्तराखंड से नागरिकों के पलायन को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने बालावाली पुल को पूरी तरह सील कर दिया है। अब किसी को भी पुल पार नहीं करने दिया जाएगा। इस दौरान बालावाली पुल पार कर बिजनौर सीमा में प्रवेश कर चुके नागरिकों की चिकित्सा शिविर लगाकर स्वास्थ्य जांच की गई। केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी प्रदेश सरकारों से हर हाल में पलायन रोकने तथा बार्डरों को पूरी तरह से सील करने के निर्देश दिए थे। निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन ने मंडावर क्षेत्र के उत्तराखंड सीमा से लगे बालावाली बार्डर को पूर्ण रूप से सील कर दिया है। अब किसी को इस पार से उस पार और उस पर से इस पार आने नहीं दिया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से बालावाली पुल के पास चिकित्सा शिविर भी लगाया गया। पुल पार कर बिजनौर सीमा में प्रवेश कर चुके नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की गई। चंदक पीएचसी प्रभारी देवेंद्र कुमार और उनकी टीम ने लोगों का चिकित्सकीय परीक्षण किया।