प्रवासी मजदूरों को मिल रहा मनरेगा में रोजगार
धामपुर। केंद्र सरकार की मनरेगा योजना के अंतर्गत लॉकडाउन के चलते प्रवासी मजदूरों को जॉब कार्ड उपलब्ध करा कर रोजगार मुहैया कराया जा रहा है। है। कोरोना काल में अब तक 2000 प्रवासियों में से 918 प्रवासियों का मनरेगा योजना में पंजीकरण किया गया है।
धामपुर अल्हैपुर ब्लाक में कुल 97 ग्राम सभाएं है। इन सभी पंचायतों में गैर प्रदेशों से 2000 व्यक्ति कोरोना काल के दौरान वापस आए है। ब्लाक की ओर से इनमें 918 प्रवासियों का मनरेगा योजना के तहत श्रमिक के रूप में पंजीकरण कर रोजगार उपलब्ध कराया गया है। ब्लाक में 13260 पंजीकृत श्रमिक शामिल हैं। इन श्रमिकों को वर्तमान वित्तीय वर्ष में 148618 मानव दिवस कार्य दिया जा चुका है। 373 लाख रुपए श्रमिकों को बतौर पारिश्रमिक के रूप में उनके बैंक खातों के माध्यम से भुगतान किया जा चुका है। ब्लॉक क्षेत्र में करीब 110 से अधिक कार्य और चल रहे है, जिनमें श्रमिक कार्य कर रहे है। अब तक ब्लाक के 15 तालाबों का जीर्णोद्वार इन्हीं श्रमिकों ने किया है।
योजना का लाभ पाना पाने के लिए पंजीकरण कराएं
बीडीओ अमरीश कुमार शर्मा ने बताया कि अभी क्षेत्र में जो प्रवासी मनरेगा योजना के अंतर्गत पंजीकरण कराने से रह गए हैं वे भी पंजीकरण करा सकते हैं। इसके लिए सरकार की ओर से हेल्प डेस्क शुरू की गई है। इसके अलावा ऐसे प्रवासी अपने क्षेत्र के ग्राम पंचायत विकास अधिकारी से संपर्क कर पंजीकरण करा सकते हैं। प्रवासियों के पंजीकरण को विकास विभाग की ओर से प्राथमिकता दी जा रही है।
प्रवासियों को परेशान किया तो कार्रवाई
बीडीओ ने बताया कि उनके स्तर से सभी को निर्देशित किया गया है कि विकास विभाग का कोई भी अधिकारी- कर्मचारी मनरेगा योजना के अंतर्गत प्रवासी मजदूरों को पंजीकरण कराने के नाम पर परेशान नहीं करेगा। यदि कोई करता है या परेशान करने का मामला उनके संज्ञान में आता है तो संबंधित विभाग के अधिकारी कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।