- 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिए गए थे नूरपुर ब्लॉक प्रमुख के पति
- मध्याह्न भोजन प्राधिकरण के निदेशक को बीएसए ने लिखा था पत्र
- रिश्वत लेने के प्रकरण से विभाग की छवि धूमिल होने का दिया था हवाला
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। बेसिक शिक्षा विभाग में मिड-डे मील के जिला समन्वयक और ब्लॉक प्रमुख नूरपुर आकांक्षा चौहान के पति राशू कुमार की संविदा समाप्त कर दी गई है। रिश्वत लेने के मामले में तीन दिन पहले ही बीएसए की ओर से मध्याह्न भोजन प्राधिकरण के निदेशक को पत्र प्रेषित किया गया था।
नूरपुर ब्लॉक की प्रमुख आकांक्षा चौहान के पति राशू चौहान बेसिक शिक्षा विभाग में मिड-डे मील डीसी के पद पर कार्यरत थे। राशू को विजिलेंस की टीम ने ब्लॉक प्रमुख कार्यालय से पचास हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए 26 जून को गिरफ्तार कर लिया था। टीम पकड़कर अपने संग बरेली ले गई। 27 जून को कोर्ट ने राशू को जेल भेज दिया था। फिलहाल बरेली की जेल में बंद है।
गिरफ्तारी के बाद सतर्कता अधिष्ठान बरेली की ओर से डीएम बिजनौर को इस कार्रवाई के संबंध में पत्र भेजा गया था। इसके चलते अब बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से मध्याह्न भोजन प्राधिकरण के निदेशक को लिखा गया पत्र लिखा गया था। शिक्षा विभाग ने राशू कुमार की संविदा समाप्त कर दी है। बीएसए योगेंद्र कुमार ने बताया कि विभाग के जिला समन्वयक मिड डे मील राशू चौहान की संविदा समाप्त हो गई है।