संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिला बार के चुनाव में प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। चुनाव को देखते हुए अधिवक्ताओं ने 19 जुलाई तक न्याय कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया है। वहीं प्रत्याशियों के कार्यालय का उद्घाटन जारी है।
जिला बार के विभिन्न पदों के लिए 20 जुलाई को मतदान होना है। जिसमें 1963 अधिवक्ता भाग लेंगे। मंगलवार को महासचिव पद के प्रत्याशी मनोज कुमार सेठी के जजी चौक स्थित कार्यालय का उद्घाटन वरिष्ठ अधिवक्ता रामावतार सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष बलवंत सिंह भी मौजूद रहे। महासचिव पद के प्रत्याशी विशाल अग्रवाल ने अपने समर्थक वकीलों के साथ मंगलवार को बड़े स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया। महासचिव पद के अन्य प्रत्याशी कोमल सिंह, सचिन, तेज सिंह ने भी वकीलों से संपर्क कर उन्हें मत देने की अपील की। अध्यक्ष पद के दोनों प्रत्याशियों राजीव चौहान एवं यशपाल सिंह के मंडावर रोड स्थित कार्यालयों में वकीलों की भीड़ डटी रही।
जोकि अपने प्रत्याशी को जिताने की रणनीति पर चर्चा होती रही। अन्य प्रत्याशी भी जनसंपर्क में लग रहे। जिला बार एसोसिएशन के मुख्य चुनाव अधिकारी महेंद्र पाल सिंह की अध्यक्षता एवं राकेश कुमार सिंह के संचालन में हुई चुनाव कार्यकारिणी की बैठक में जजी परिसर के अंदर पंडाल के बारे में चर्चा की गई। प्रत्याशियों ने अपने-अपने पंडाल हटाने का आश्वासन दिया। यह भी निर्णय लिया गया कि कोई प्रत्याशी मतदान के दिन जजी परिसर के अंदर पंडाल नहीं लगाएगा। चुनाव कमेटी अपने खर्चे पर वकीलों की सुविधा के लिए पंडाल लगाएगी। मतदान के दिन वकीलों को अपना सीओपी पहचान पत्र दिखाना होगा।