बिजनौर में डीएम से वार्ता करते रालोद प्रतिनिधिमंडल के पदाधिकारी। स्रोत संगठन
बिजनौर। रालोद जिलाध्यक्ष ओमपाल कश्यप एवं किसान प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह जंघाला की अगुवाई में रालोद का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को जिलाधिकारी से मिला। नेताओं ने जिलाधिकारी को जनपद में प्रस्तावित दोनों एक्सप्रेसवे से जुड़ी किसानों की समस्याओं से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जिले का किसान इन हाईवे के निकलने से असंतुष्ट है क्योंकि उन्हें आशंका है कि उनकी बेशकीमती जमीनें कौड़ियों के भाव चली जाएंगी। बिजनौर में इन हाईवे के आसपास हजारों बीघा जमीन अधिग्रहित की जाएगी, जिससे किसानों में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। जमीनों के सर्किल रेट भी बाजार भाव से बहुत कम है। कहा कि जब तक प्रशासन के साथ किसानों की बैठक नहीं होती, उनकी बात नहीं सुनी जाती और उनकी समस्याओं के समाधान पर ठोस कार्य नहीं होता। तब तक किसान अपनी जमीन देने को तैयार नहीं हैं। जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सर्वे कराकर किसानों की जमीनों के सर्किल रेट बढ़ाए जाएंगे तथा किसानों के बड़े प्रतिनिधिमंडल के साथ जिला प्रशासन और हाईवे निर्माण करने वाली कंपनियों की खुले स्तर पर बैठक कराई जाएगी, जिसमें रालोद के पदाधिकारी भी शामिल होंगे।
इस अवसर पर पूर्व सांसद मुंशीराम, पूर्व विधायक सुखवीर सिंह, चौधरी बृजवीर सिंह, अशोक चौधरी, संजीव राठी, परितोष चंदेल, राजेंद्र सिंह जाफरपुर, सतेंद्र राठी, धर्मेंद्र सिंह, मोंटी अध्यक्ष, अलबेल सिंह, गजेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।