धामपुर में हाईवे और किसान नेताओं के साथ बैठक करते एसडीएम धीरेंद्र सिंह।
- फोटो : DHAMPUR
अधिग्रहण मामले को लेकर बैठक रही बेनतीजा
धामपुर। भूमि अधिग्रहण के मामले में एसडीएम धीरेंद्र सिंह ने भाकियू कार्यकर्ताओं एवं हाईवे 74 के अधिकारियों के साथ बैठक की। दो घंटे चली बैठक बेनतीजा रही। भाकियू युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह ने चेतावनी दी कि जबरन निर्माण का प्रयास किया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
हाईवे विकास प्राधिकरण द्वारा हाईवे का चौड़ीकरण का काम कराया जा हा है। यह मार्ग हरिद्वार से लेकर काशीपुर तक के लिए बन रहा है। लेकिन शेरकोट में जमीन के अधिग्रहण के मामले को लेकर एक साल से भूमि मालिकों और हाईवे विभाग के अधिकारियों के बीच में मुआवजे की मांग को लेकर एक राय नहीं बन पा रही। जिसको लेकर किसान आंदोलन कर रहे हैं। करीब 20 दिन पहले हाईवे के अधिकारियों के प्रशासनिक अधिकारियों के सहयोग से कई लोगों के हाईवे किनारे अधिगृहीत मकानों को जेसीबी से ध्वस्त करा दिया था। जिससे लोगों में असंतोष फैल गया। भाकियू कार्यकर्ताओं के प्रयास से कई बार राजस्व और लोनिवि के अधिकारियों द्वारा जमीन की पैमाइश की गई। लेकिन पैमाइश सही प्रकार न होने का आरोप लगाते हुए मामला और बढ़ गया। इस मामले में डीएम रमाकांत पांडेय के आदेश पर शुक्रवार को भाकियू युवा प्रदेशाध्यक्ष चौधरी दिगंबर सिंह कार्यकर्ताओं के साथ धामपुर पहुंचे। यहां पर तहसीलदार कार्यालय में एसडीएम धीरेंद्र सिंह ने हाईवे अधिकारियों और भाकियू कार्यकर्ताओं के साथ करीब दो घंटे तक मीटिंग की। लेकिन कोई सकारात्मक निष्कर्ष नहीं निकल सका। भाकियू युवा के प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि किसानों के साथ अन्याय किया गया तो विरोध होगा। प्रशासन को पीड़ितों को संतोषजनक मुआवजा देना ही होगा।
एसडीएम ने बताया कि वह डीएम से मिलकर बीच का रास्ता निकालने का प्रयास करेंगे। भरोसा दिया कि समाधान होने के बाद ही मार्ग का निर्माण कराने का प्रयास होगा। वार्ता में ब्लाक स्योहारा के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह, दुष्यंत राणा, तहसील अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, देवराज सिंह, हाईवे तकनीकी प्रबंधक पीएस पांडेय रहे।