मातृ वंदना सप्ताह : 2974 महिलाओं को मिला योजना का लाभ
बिजनौर। 21 मार्च से जनपद में शुरू हुए मातृ वंदना सप्ताह के अंतर्गत 2974 महिलाएं लाभान्वित हुईं। इसमें किसी महिला ने नवीन पंजीयन कराया तो किसी की बैक लॉग समस्या का निस्तारण हुआ। कुल मिलाकर इस सप्ताह में स्वास्थ्य विभाग की मेहनत से कई महिलाओं तक योजना की सटीक जानकारी पहुंच पाई, जिससे बड़ी संख्या में महिलाएं इसका लाभ उठा पाईं।
सीएमओ डॉ. विजय कुमार गोयल ने बताया कि इस सप्ताह में स्वास्थ्य विभाग कर्मियों ने अधिक से अधिक संख्या में पात्र महिलाओं तक पहुंचने का प्रयास किया। इस सप्ताह के चलते हल्दौर, नूरपुर, नजीबाबाद, कासमपुर गढ़ी, स्योहारा, जलीलपुर, किरतपुर, नहटौर, धामपुर और कोतवाली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में योजना की प्रगति के लिए भरपूर प्रयास किए गए। इस योजना के अंतर्गत जो महिलाएं लाभ नहीं उठा पा रही थीं। उन तक विभाग के कर्मियों ने पहुंचकर योजना का लाभ दिलाने का प्रयास किया। एसीएमओ डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता ने बताया कि जनपद में इस सप्ताह में 1554 महिलाओं के नवीन पंजीकरण हुए। जबकि 660 महिलाएं ऐसी थीं जो पंजीकरण होने के बाद भी योजना का लाभ नहीं उठा पा रही थीं।
ऐसे में इनकी समस्या का समाधान किया गया। 760 महिलाएं ऐसी भी मिलीं, जिनकी तीसरी किश्त का फार्म नहीं भरा गया था। इसे ऑनलाइन भरा गया। इस काम के लिए आशा व एएनएम की मदद भी ली गई थी। जिन्होंने घर-घर जाकर योजना का प्रचार प्रसार किया। इन्होंने ही पात्र महिलाओं को योजना का लाभ दिलाने में सहयोग किया। इसके अलावा सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मौजूद कर्मियों ने भी इसमें सहयोग किया।
फ्रॉड कॉल से रहें सावधान
इस योजना के अंतर्गत तीन किस्तों में छह हजार रुपये की धनराशि पात्र महिला के बैंक खाते में भेजी जाती है। ऐसे में कई बार महिलाओं के पास फ्रॉड कॉल भी पहुंच जाते हैं। जिसमें पात्र महिला से खाते की जानकारी या मोबाइल पर आने वाले ओटीपी का नंबर पूछा जाता है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अपील की जा रही है कि अगर कोई भी ऐसी कॉल आए, जिसमें खाते की जानकारी या मोबाइल पर आने वाला ओटीपी नंबर पूछा जाए तो उसे बिल्कुल भी न बताएं। ऐसा करने पर आपके खाते में जमा धनराशि को निकाला जा सकता है। अगर कोई भी जानकारी चाहिए तो स्वास्थ्य विभाग में आकर अपने रुपयों की जानकारी लें। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 7998709804 पर भी संपर्क कर सकते हैं।