हैदरबाद में आयोजित महोत्सव में लगा बिजनौर के पेबल्स आर्ट का स्टॉल। स्रोत उद्यमी
बिजनौर। नाबार्ड के सहयोग से हस्तनिर्मित होम डेकोर को बढ़ावा देने की पहल की जा रही है। इसी बीच हैदराबाद में नाबार्ड ग्रामीण भारत महोत्सव में बिजनौर के मतिहार ब्रांड ने भी स्टॉल लगाया। माटी आग्रेनाइजेशन की डायरेक्टर डॉ. अंकिता राजपूत ने बताया कि महोत्सव में स्टॉल पर पेबल्स आर्ट से बने फोटो फ्रेम्स, कलाकृतियों और अन्य हस्तनिर्मित होम डेकोर उत्पादों का प्रदर्शन किया। इस प्रकार की पहल स्थानीय कला, रचनात्मकता और हस्तशिल्प आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। हैदराबाद महोत्सव में उनके पेबल्स आर्ट उत्पादों की काफी सराहना हुई। इस महोत्सव से बड़े ऑर्डर मिलने की संभावना है।
नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक डॉ. भूपेश पुनेरा ने भी पेबल्स आर्ट उत्पादों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह एक अनूठी और नवीन कला है, जिसकी लगातार मांग बढ़ रही है।हस्तनिर्मित होम डेकोर उत्पादों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मतिहार के माध्यम से पेबल्स आर्ट को एक रचनात्मक स्वरूप दिया जा रहा है। पत्थरों से आकर्षक कलाकृतियां, फोटो फ्रेम्स और सजावटी उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं।