मौके पर मौजूद पुलिस व स्थानीय लोग
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में रविवार सुबह एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। स्योहारा थानाक्षेत्र इलाके में विवाहिता की हत्या से सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने पति, सास व ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। बताया गया कि विवाहिता का चार माह पूर्व ही निकाह हुआ था, इसके बाद से ही ससुराल वालों ने उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था।
स्योहारा थाना क्षेत्र के ग्राम मंगलखेड़ा निवासी सलमान (21) पुत्र सरीफ का निकाह चार माह पूर्व अपने ही मौहल्ले की मरजीना (20) पुत्री इस्लामुद्दीन के साथ हुआ था। पुलिस के मुताबिक शनिवार को रात करीब साढ़े 11 बजे सलमान व उसके पिता सरीफ व माता शबनम ने विवाद के चलते मरजीना की गला दबाकर हत्या कर दी।
बताया गया कि दहेज के लिए अक्सर विवाद होता रहता था। हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी सलमान व उसके पिता सरीफ व माता शबनम को हिरासत में ले लिया। तीनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, मृतका के भाई अरशद की तहरीर के आधार पर अनुच्छेद 323/504/498ए/304बी व 3/4 डीपी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी व क्षेत्राधिकारी धामपुर ने स्थानीय पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है।
एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने बताया कि हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।