प्लाट के लिए विवाहिता को पीटा, विरोध में बोला तीन तलाक
कोतवाली देहात (बिजनौर)। पिता से मिला प्लाट ससुरालियों के नाम न कराने पर विवाहिता को पति ने परिजनों के साथ मिलकर कमरे में बंद कर पीटा। सूचना पर पहुंचे मायके वाले उसे थाने ले जा रहे थे तो पति ने उसे तीन तलाक कह दिया और घर से निकाल दिया। इस मामले में पुलिस ने दो महिलाओं सहित सात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के गांव करोंदा पच्दु निवासी दानिश ने बताया कि उसकी बहन का निकाह एक वर्ष पहले अमरोहा के थाना बछरायूं क्षेत्र के गांव कुआं खेड़ा निवासी अरशद के साथ हुआ था। निकाह के समय परिजनों ने दहेज के साथ-साथ थाना क्षेत्र के बछरायूं में एक प्लाट का भी अपनी बहन के नाम बैनामा किया था। निकाह के कुछ माह बाद ही विवाहिता का पति अरशद, ससुर बदलू, ननद अमरीन, नंदोई शहजाद, ननद बेबी और नंदोई फजलू निवासी करोंदा पच्दु मिलकर दहेज में दिया गया प्लाट ससुरालियों के नाम कराने का दवाब बना रहे थे।
आरोप है कि देवर आसिफ विवाहिता पर बुरी नजर रखता था। 21 मई को ससुरालियों ने विवाहिता से प्लाट नाम कराने का दबाव बना रहे थे। जिसका विरोध करने पर ससुरालियों ने उसे बुरी तरह से पीटकर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंचे मायके वाले उसे थाने ले जा रहे थे। विवाहिता के घर से निकलते समय पति अरशद ने तीन तलाक दे दिया। पुलिस ने विवाहिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की है।