कासमपुर गढ़ी में प्रेमी के संग निकाह करने पर अड़ी उत्तराखंड के जसपुर की युवती ने आखिरकार अपनी जिद को मनवा ही लिया। पंचों के दबाव में आकर बिरादरी के लोगों ने विदेश में नौकरी कर रहे युवक से युवती का फोन पर ही निकाह करा डाला। युवती निकाह करने के बाद अब अपनी ससुराल में ही रह रही है।
जसपुर की एक युवती का प्रेम-प्रसंग अफजलगढ़ थाने के एक गांव के सजातीय युवक से हो गया। आरोप है कि युवती को जब पता लगा कि उसका प्रेमी उसे बगैर बताए विदेश में नौकरी करने चला गया, तो वह नाराज हो गई। युवती जसपुर से निकल कर प्रेमी के घर आ धमकी। युवती को प्रेमी के घर अकेला देख युवक के परिजनों के होश उड़ गए। युवती को उन्होंने काफी समझाकर घर वापसी का प्रयास किया। मगर, युवती प्रेमी युवक के साथ निकाह करने की जिद पर अड़ी रही। इस मामले में 13 जुलाई को गांव में पंचायत हुई, जिसमें पंचों ने युवती का युवक से निकाह कराने का फैसला ले लिया। सूत्रों का कहना है कि 18 जुलाई को युवती ने विदेश में रह रहे युवक से फोन पर निकाह कर लिया। अब निकाह होने के बाद युवती अपनी ससुराल में रह रही है। अब उसे किसी प्रकार का तनाव नहीं है। फोन पर हुआ निकाह क्षेत्र में चर्चा का विषय बना है।