फरहा हत्याकांड
आरोपी पति सहित पांच ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
नहटौर (बिजनौर)। हत्यारोपी सलमान ने पत्नी फरहा का गला घोंटकर मौत की नींद सुला दिया। दोनों का निकाह पांच साल पहले हुआ था, बीते दो साल से फराह अपने मायके नहटौर में रह रही थी। उधर, फरहा की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति सहित पांच ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला छापेग्रान निवासी रहीमुद्दीन की पुत्री फरहा का निकाह पांच वर्ष पूर्व नगीना थाना क्षेत्र के गांव बदल्लोपुर मठेरी निवासी सलमान पुत्र अब्दुल करीमुद्दीन से हुआ था। आरोप है ससुराल वाले दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित करते रहते थे। इसके चलते वह दो वर्षों से अपने तीन वर्षीय बेटे को लेकर मायके में रह रही थी। उसका पति सलमान पूना में रहकर काम कर रहा था और उसके घर आता जाता रहता था।
आठ दिन पूर्व फरहा की छोटी बहन नेहा का निकाह हुआ। इसमें शिरकत करने के लिए सलमान भी आया था। रात में सलमान ने फरहा की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद हत्यारे पति ने थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। सीओ भरत सोनकर और कोतवाल दिनेश कुमार शर्मा ने मौका मुआयना किया।
वहीं, आरोपी ने पत्नी के स्थानीय युवक से प्रेम संबंध होने और बहन की शादी में जेवर बेचकर खर्चा करने पर हत्या करने की बात कही है। कोतवाल दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर के आधार पर फरहा के पति सलमान, जेठ जाहिद, जेठानी फरजाना, नन्द हसबुन्निशा व बहनोई सईद अहमद के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
फरहा के पिता करते है सऊदी अरब में काम
फरहा अपने परिवार में सबसे बड़ी थी। उसकी दो छोटी बहनें नेहा और अरीशा हैं, कोई भाई नहीं था। पिता रहीमुद्दीन सउदी में नौकरी करता है। वह आठ दिन पूर्व अपनी पुत्री नेहा के निकाह में भी नहीं आ पाया था।