संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर/धामपुर। अफजलगढ़ सिंचाई खंड में चल रहा विवाद अब पुलिस की चौखट तक पहुंच गया है। कटान रोधी कार्य के बिलों में गड़बड़ी की शिकायत करने वाले लेखाधिकारी के खिलाफ सहायक अभियंता (एई) ने मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में अधिशासी अभियंता के आवास पर तीन दिसंबर को मारपीट होना दिखाया गया है। जबकि रिपोर्ट एक जनवरी 2025 को दर्ज की गई है।
सहायक अभियंता प्रथम पवन कुमार की ओर से धामपुर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसमें कहा गया कि बिलों के संबंध में तीन दिसंबर 2024 को अधिशासी अभियंता अवधेश कुमार शर्मा के कैंप कार्यालय यानि आवास पर विभागीय कार्यों की समीक्षा को लेकर पहुंचे थे। अधिशासी अधिकारी से बातचीत के दौरान लेखाधिकारी उज्जवल भी पहुंचे।
आरोप है कि लेखाधिकारी ने ठेकेदारों से कमीशन दिलवाने की बात कही। आरोप है कि इससे इन्कार करने पर लेखाधिकारी ने गाली गलौज करते हुए मारपीट की। कहा कि अधिशासी अभियंता अवधेश कुमार शर्मा, जूनियर इंजीनियर देवेंद्र कुमार शर्मा आदि ने किसी तरह उन्हें छुड़ाया।
उधर, मारपीट के मामले में आरोपी बनाए गए लेखाधिकारी उज्जवल ने 26 दिसंबर 2024 को डीएम से शिकायत करते हुए कटान रोधी कार्य के बिलों में खनिज के फर्जी प्रपत्र लगाने की शिकायत की थी। फर्जी प्रपत्र के मामले में सीडीओ जांच कर रहे हैं। जिसे लेकर अधिशासी अभियंता से स्पष्टीकरण तलब किया जा चुका है।
फर्जीवाड़ा की उक्त शिकायत के बाद एक जनवरी को सहायक अभियंता ने शिकायतकर्ता लेखाधिकारी उज्जवल के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर मारपीट की रिपोर्ट दर्ज करा दी। रिपोर्ट में मारपीट की तारीख तीन दिसंबर 2024 बताई गई है।