गोकशी में फरार चल रहे 25 हजार के इनामी किरतपुर चेयरमैन अब्दुल मन्नान ने फिर से कोर्ट में सरेंडर याचिका दाखिल की है। वे एक बार पहले भी सरेंडर याचिका दे चुके हैं। सरेंडर याचिका की वजह से कुर्की की कार्रवाई को लेकर दाखिल पुलिस के प्रार्थना पत्र पर निर्णय नहीं हो सका है। इस मामले में पुलिस हाईकोर्ट में भी कैविट याचिका दाखिल कर चुकी है।
मंगलवार को पुलिस की ओर से कोर्ट में दिए गए कुर्की के प्रार्थना पत्र पर सुनवाई होनी थी। इस पर निर्णय होने से पूर्व ही पालिकाध्यक्ष अब्दुल मन्नान की ओर से सरेंडर याचिका प्रस्तुत कर दी गई। इससे पूर्व भी अब्दुल मन्नान की ओर से नजीबाबाद कोर्ट में सरेंडर के लिए प्रार्थना पत्र दिया जा चुका है, लेकिन उन्होंने सरेंडर नहीं किया था।
अग्रिम जमानत के लिए प्रार्थना पत्र भी दाखिल किया गया है। पालिकाध्यक्ष अब्दुल मन्नान के हाईकोर्ट पहुंचने की संभावना को देखते हुए बिजनौर पुलिस हाईकोर्ट में भी कैविट याचिका दाखिल कर चुकी है।
मन्नान के बाग में 18 सितंबर को गोकशी पकड़ी गई थी। वहां अवैध शस्त्र, पशु व कटान के उपकरण बरामद हुए थे। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था जबकि अब्दुल मन्नान सहित चार आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस के तमाम प्रयासों के बावजूद चेयरमैन व बाकी आरोपी अभी तक गिरफ्त नहीं किया जा सका है। चेयरमैन सहित इन चारों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया है। एसपी सिटी लक्ष्मीनिवास मिश्रा के अनुसार पुलिस चारों फरार आरोपियों की तलाश में लगी है। जरूरी कार्रवाई की जा रही है।