बिजनौर में जिला सहकारी बैंक के डायरेक्टर पद के चुनाव के दौरान भीड़ को रोकने के लिए तैनात पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में जिला सहकारी बैंक के डायरेक्टर पद के चुनाव के नतीजों का एलान हो गया है। कई निर्वाचन क्षेत्रों में प्रत्याशियों के बीच कांटे का मुकाबला रहा। चांदपुर द्वितीय निर्वाचन क्षेत्र में हार-जीत मात्र एक वोट से हुई। डायरेक्टर पद के चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद 11 मई को होने वाले जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन व वाइस चेयरमैन के चुनाव के लिए दावेदारों ने जोड़ तोड़ शुरू कर दी है।
जिले में जिला सहकारी बैंक में 13 निर्वाचन क्षेत्र हैं। इनमें महिला के लिए आरक्षित अफजलगढ़ निर्वाचन क्षेत्र से सुनीता देवी तथा धामपुर से शांति देवी तथा चांदपुर प्रथम से दिनेश कुमार निर्विरोध डायरेक्टर चुन लिए गए थे। वृत्तिका दो का पद एससी के लिए निर्वाचित था तथा वृत्तिका तीन का पद पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित था। इन दोनों पदों पर कोई नामजदगी नहीं होने से दोनों पद खाली रह गए हैं। इस प्रकार डायरेक्टर पद के लिए आज आठ निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव हुआ। इनमें किरतपुर निर्वाचन क्षेत्र से नितिन मौर्य व रावेंद्र सिंह के बीच कड़ा मुकाबला रहा। नितिन मौर्य को 20 मत तथा रावेंद्र सिंह को 18 मत मिले। नितिन मौर्य दो मतों से विजेता बने। कोतवाली निर्वाचन क्षेत्र में मुकाबला एकतरफा रहा। यहां से सिद्धार्थ कुमार को 59 मत मिले। जबकि सुरपाल सिंह को मात्र एक ही वोट मिल सका। चांदपुर में जीत हार को लेकर आखिर तक कशमकश चलता रहा। आखिर में मनोज कुमार को 38 मत व प्रबोध कुमार को 37 मत मिलने के साथ ही मनोज कुमार को निर्वाचित घोषित किया गया। नजीबाबाद निर्वाचन क्षेत्र में भी प्रत्याशियों की साख पर बनी रही। संदीप को 36 व चंचल लता को 34 मत मिले। संदीप कुमार विजयी रहे।
सुबह साढ़े आठ बजे से होंगे नामांकन
अपर सांख्यिकी अधिकारी एवं निर्वाचन प्रभारी सहकारिता सत्यपाल सिंह के अनुसार जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन व वाइस चेयरमैन के लिए 11 मई को सुबह साढ़े आठ बजे से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। मतदाता सूचियों के प्रकाशन से लेकर मतदान एवं मतगणना की समस्त प्रक्रिया एक ही दिन में शाम चार बजे तक पूरी हो जाएगी। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे।
नहटौर से चमन, बूढ़नपुर से प्रेमपाल सिंह जीते
नहटौर में चमन सिंह को 25 तथा टीकम सिंह को 17 वोट मिले। चमन सिंह ने जीत हासिल की। बूढ़नपुर में प्रेमपाल सिंह को 13 तथा सुरेश सिंह को नौ मत मिले। प्रेमपाल सिंह विजयी रहे। व्यक्तिगत एवं विशेष निर्वाचन क्षेत्र से अवनीश कुमार को 61 तथा कमला सिंह को 38 मत मिले। अवनीश कुमार विजयी रहे। वृत्तिका एक निर्वाचन क्षेत्र से जयवीर सिंह राठी को 215 वोट मिले। जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी मुनिदेव शर्मा को 91 ही वोट मिले। जयवीर सिंह राठी ने यह चुनाव जीत लिया।