हल्दौर के ग्राम पैजनियां में काटा गया आम का बाग।
- फोटो : BIJNOR
बिना अनुमति आम के बाग पर चलवाया आरा
बिजनौर। गांव पैजनिया के जंगल में एक लकड़ी ठेकेदार ने बिना विभागीय अनुमति के आम के हरे भरे दर्जनों पेड़ों पर अवैध रूप से आरा चलवा दिया। सूचना पर वन विभाग के अधिकारी पहुंचे तो लकड़ी ठेकेदार व उसके लेबर मौके से फरार हो गए।
सरकार, स्वयंसेवी संगठनों व विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से पौधरोपण अभियान चलाकर भारी संख्या में पौधे लगाए जाते हैं। मगर कुछ ठेकेदार अपनी मनमानी के चलते पर्यावरण संतुलन बिगाड़ने में लगे हैं। गांव पैजनिया से हथाई मार्ग पर नहर के पास एक किसान का आम का हरा-भरा बाग था। ग्रामीणों के मुताबिक बाग में आम के करीब एक दर्जन से भी अधिक पेड़ थे। बुधवार सुबह करीब आठ बजे लकड़ी ठेकेदार ने अपने लेबरों से आम के पेड़ों को अवैध रूप से कटवाना शुरू कर दिया। किसी ने मामले की सूचना वन विभाग अधिकारी को दी। चांदपुर रेंजर बीएस रावत टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम के आने की भनक लगने पर ठेकेदार व उसके लेवर कटान की लकड़ी छोड़कर फरार हो गए। रेंजर बीएस रावत का कहना है कि आम का हरा-भरा बाग बिना विभागीय अनुमति के काटा गया है। लेबर ठेकेदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।