- मेले में युवती से छेड़छाड़ और उसके चाचा को पीटने का मामला
- थानाध्यक्ष पर देर से रिपोर्ट दर्ज करने और दरोगा पर जांच में लापरवाही करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडावर/चंदक (बिजनौर)। मेले में युवती से छेड़छाड़ और उसके चाचा को दौड़ा-दौड़ा कर पीटने के मामले में भ्रामक सूचना देने पर मंडावर थानाध्यक्ष रवि तोमर को एसपी अभिषेक झा ने निलंबित कर दिया है। इस मामले की जांच में लापरवाही करने पर दरोगा देवेंद्र सिंह राठी को भी निलंबित किया गया है। विभागीय कार्रवाई भी शुरू की गई है।
पिछले दिनों मंडावर में आयोजित मेले में कुछ युवकों ने एक युवती से छेड़छाड़ कर दी थी। विरोध करने पर पीड़िता के चाचा को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया था। मारपीट की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रिपोर्ट दर्ज की गई।
इस घटना के संबंध में थानाध्यक्ष रवि तोमर ने पहले इनकार किया, बाद में रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। अफसरों को भ्रामक सूचना देने के मामले में सीओ सिटी ने जांच की। उधर, इसी मामले को मंडावर थाने के दरोगा देवेंद्र सिंह राठी ने गहनता से जांच करने के बजाए खानापूर्ति की गई। मामले में गहनता से पूछताछ भी नहीं की थी। सीओ सिटी संग्राम सिंह की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट मिलने पर एसपी अभिषेक झा ने दोनों को निलंबित कर दिया है।
प्रवीण मलिक को सौंपी गई मंडावर थाने की जिम्मेदारी
बिजनौर। एसपी अभिषेक झा ने पांच दरोगा के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। दरोगा प्रवीण मलिक को शिवाला कला से थाना अध्यक्ष मंडावर बनाया गया है। अजीत कुमार को पुलिस लाइन से प्रभारी चौकी रतनगढ़ शिवाला कला, सत्येंद्र कुमार को थाना बढ़ापुर से प्रभारी चौकी हरेवली शेरकोट भेजा गया है। उधर, हरेवली चौकी प्रभारी आशीष पुनिया को कोतवाली देहात और कोतवाली देहात से राकेश कुमार प्रभारी चौकी हरिहर थाना मंडावर बनाया गया।