मंडावली/नजीबाबाद। बाइक पर बैठे व्यक्ति पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमले का वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल को पुलिस अधिकारियों ने संज्ञान में लिया तो मंडावली पुलिस ने मामले को अन्य घटना से जोड़कर गुमराह किया। एसपी के आदेश पर पुलिस ने जिला चिकित्सालय में जिंदगी मौत से जूझ रहे घायल के परिवार से संपर्क कर शनिवार को मामला दर्ज किया।
मंडावली थाना क्षेत्र के भागूवाला नहर पटरी क्षेत्र पर शराब की दुकान के निकट बाइक पर बैठे व्यक्ति पर लोहे की रॉड लेकर एक व्यक्ति ने ताबड़तोड़ प्रहार करना शुरू कर दिया। जमीन पर गिरने के बावजूद वह लगातार सिर और शरीर पर रॉड बरसाता रहा। सिर पर खून सवार हमलावर को एक अन्य व्यक्ति ने रोकने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माना। शुक्रवार की शाम घटना का वीडियो वायरल होते ही अपर पुलिस अधीक्षक ने मंडावली पुलिस से संपर्क किया तो पुलिस ने काशीरामपुर की एक अन्य घटना से मामला जोड़कर प्राथमिकी दर्ज होने की बात कहकर उन्हें गुमराह कर दिया। पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को लेकर तत्काल जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए तो मंडावली पुलिस ने बिजनौर में उपचाराधीन घायल के परिवार से संपर्क किया। मंडावली थानाध्यक्ष अमर सिंह राठौड़ ने बताया कि घायल बंटी की पत्नी वरीक्षा की तहरीर पर काशीरामपुर निवासी आरोपी भोलू के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
मंडावली पुलिस ने घायल को कराया था भर्ती
नजीबाबाद। वायरल वीडियो से संबंधित मामले में मंडावली पुलिस के सिपाहियों को हकीकत मालूम थी। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ही घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। मंडावली पुलिस ने वीडियो वायरल होने के बावजूद घटना को गंभीरता से नहीं लिया।