नजीबाबाद में दिल्ली में ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच गिरकर नजीबाबाद निवासी एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव नजीबाबाद पहुंचा, तो परिवार में कोहराम मच गया।
नजीबाबाद के सुभाष नगर निवासी भूपेंद्र राजपूत सहकारी गन्ना विकास समिति में कार्यरत हैं। उनका पुत्र दुष्यंत राजपूत (22) शनिवार रात करीब 11 बजे दिल्ली के नारायणा रेलवे स्टेशन पर हादसे का शिकार हो गया। लोकल ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच गिरने से दुष्यंत को गंभीर चोटें आईं। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुष्यंत के साथी युवकों ने परिजनों को फोन से जानकारी दी।
उधर, रेलवे पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव कब्जे में ले लिया। दिल्ली पहुंचे दुष्यंत के पिता भूपेंद्र राजपूत और प्रधान पति हिमांशु राजपूत को दुष्यंत के साथी युवकों ने बताया कि वे गुड़गांव स्थित रूम पर जाने के लिए रेलवे स्टेशन आए थे। ट्रेन पहुंचने पर एक जेबकतरा यात्री की जेब से पर्स निकालकर भागा। जेबकतरे का पीछा करते हुए दुष्यंत ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच गिर गया।
पोस्टमार्टम के बाद रविवार दोपहर शव को नजीबाबाद लाकर अंतिम संस्कार किया गया।