उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी एक युवक को युवतियों के अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करने की धमकी देकर पैसे ऐंठने का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में युवक के खिलाफ पोक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं मंगलवार देर रात इस मामले में दिल्ली पुलिस ने नहटौर थानाक्षेत्र में दबिश देकर आरोपी युवक को गिरफतार कर लिया।
जानकारी के अनुसार नहटौर थानाक्षेत्र निवासी 21 वर्षीय युवक दिल्ली समेत अन्य राज्यों की युवतियों को बहला फुसलाकर व अपने प्रेमजाल में फंसाकर उनके अश्लील वीडियो बना लेता था। इसके बाद यह युवक युवतियों को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उनसे रुपये ऐंठता था।
दिल्ली की एक युवती ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी थी। जिसके बाद युवक के खिलाफ अनुच्छेद 387 और पाक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मंगलवार देर रात पुलिस ने दबिश देकर आरोपी युवक को धर दबोचा। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।