बिजनौर। जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम टीम ने मन चेतना दिवस के उपलक्ष्य में मेडिकल अस्पताल में वृहद मानसिक स्वास्थ्य शिविर लगाया। शिविर में मरीजों को मानसिक बीमारियों के बारे में जागरूक किया गया। मानसिक बीमारी से ग्रसित 20 मरीजों को दवाई भी दी गई।
बृहस्पतिवार को आयोजित शिविर में डॉ. समीर भटनागर ने मानसिक स्वास्थ्य को अच्छा रखने के लिए सुबह उठकर टहलना और व्यायाम करने के लिए प्रेरित किया। मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. नितिन कुमार ने मानसिक बीमारियों के बारे में जानकारी दी। तनाव, डिप्रेशन, मिर्गी, नशिकी पदार्थों के सेवन, ओसीडी, बच्चों में होने वाली बीमारियों एडीएचडी, बौद्धिक विकलांगता के बारे में भी बताया।
साइकियाट्रिक सोशल वर्कर साक्षी सिंह ने कहा कि प्रत्येक महीने के प्रथम बृहस्पतिवार को मन चेतना दिवस मनाया जाता है। इस लोगों को मानसिक बीमारियों के बारे में जागरूक करते हैं। क्योंकि वर्तमान समय में मानसिक मरीजों की संख्या में वृद्धि हो रही है। मानसिक रोग भी शारीरिक रोग जैसा ही है। इसे छिपाएं नहीं, बल्कि इलाज कराएं। इस मौके पर डॉ. ओपी सिंह, डॉ. रजनीश शर्मा, डॉ. अंशु सिंह, डॉ. विशाल, डॉ. संकेत, मनोरोग नर्स राहुल भार्गव आदि मौजूद रहे।