अफजलगढ़ में एसडीएम ने नागरिकों की शिकायत पर पालिका के नवनिर्माणाधीन भवन में लग रही पुरानी ईंटों को उखड़वा दिया। हिदायत दी कि यदि भवन में पुरानी ईंट लगाई गई तो ठेकेदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। आरोप है कि ठेकेदार पालिका की मिलीभगत से पुरानी ईंट लगा रहा था।
नागरिकों ने एसडीएम सतेंद्र कुमार सिंह से की शिकायत में बताया कि पालिका एक करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से नवनिर्माणाधीन भवन बनवा रही है। इसका टेंडर शरीफ कंस्ट्रक्शन को हुआ है। आरोप है कि कंस्ट्रक्शन ठेकेदार ने पालिका की मिलीभगत से निर्माणाधीन भवन की नींव में करीब मीटर ऊंचाई तक पुरानी ईट लगा दी। जब इसका पता नागरिकों को लगा तो उन्होंने मामले की शिकायत एसडीएम से की। एसडीएम ने शनिवार को मौके पर पहुंचकर निर्माणाधीन भवन की नींव को उखड़वा दिया। ठेकेदार को हिदायत दी कि यदि भवन में पुरानी ईंट लगाई गई तो रिपोर्ट दर्ज कराकर कड़ी कार्रवाई होगी। एसडीएम ने ठेकेदार को मानकों के अनुरूप भवन के निर्माण करने के आदेश दिए हैं।