अक्तूबर से होगी पाइप लाइन से रसोई गैस की आपूर्ति
बिजनौर। शहर के नौ मोहल्लों में गैस पाइप लाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है। दो मोहल्लों में अक्तूबर तक पाइप लाइन से गैस की आपूर्ति होने लगेगी। मालती नगर और ज्ञान विहार में सबसे पहले गैस पहुंचेगी। कनेक्शन के लिए आठ हजार लोग पंजीकरण भी करा चुके हैं, सिर्फ दो हजार कनेक्शन और रह गए हैं, जिन्हें छूट मिलेगी।
जिले के सभी नगरों में हिंदुस्तान पेट्रोलियम की ओर से गैस पाइप लाइन बनाई जाएगी। पहले चरण में जिला मुख्यालय पर पाइल लाइन बनाने का काम किया जा रहा है। अब तक नौ कॉलोनियों में पाइप लाइन बनाई जा चुकी है। सभी जगहों पर टेस्टिंग का काम भी पूरा कर लिया है। यह पाइप पूरे शहर में बनाई जाएगी, जिससे पाइप लाइन से रसोई गैस पहुंचाई जा सके। इसके बाद जिले के दूसरे शहरों में काम होगा। अब तक नौ कॉलोनियों/मोहल्लों में पाइप लाइन बनाई जा चुकी है। अक्तूबर महीने से पहले सप्ताह से मालती नगर में गैस की आपूर्ति चालू हो जाएगी। इसके बाद ज्ञान विहार, गीता नगरी और आवास विकास पर जोर रहेगा।
अगले महीने लगाए जाएंगेे मीटर
मालती नगर में अगले महीने रसोई गैस को लाइन से जोड़ते हुए मीटर लगाए जाने का काम होगा। सितंबर में मालती नगर और ज्ञान विहार में मीटर लगा दिए जाएंगे। इसके बाद दूसरी कॉलोनियों में रसोई को पाइप लाइन से जोड़ा जाएगा। हालांकि घरों के बाहर तक कनेक्शन के प्वाइंट बना दिए गए हैं। योजना के तहत दस हजार कनेक्शन होने तक ऑफर दिया जाना है। दस हजार कनेक्शन होने तक प्रति कनेक्शन सिर्फ 354 रुपये देने पड़ रहे हैं। अब आठ हजार लोगों ने कनेक्शन के लिए पंजीकरण लिया है। छूट वाले सिर्फ दो हजार कनेक्शन ही बचे हैं। दस का आंकड़ा पार करते ही छह हजार रुपये देने होंगे।
अक्तूबर के महीने तक मालती नगर और ज्ञान विहार में रसोई गैस की आपूर्ति होने लगेगी। फिलहाल डीसीयू यूनिट बनाने के लिए प्रक्रिया चल रही है। नौ कॉलोनियों में पाइप लाइन बनाने का काम पूरा हो चुका है
- प्रदीप, साइट इंजीनियर