- हेराफेरी कर वास्तविक से अधिक दिखाया जमीन का रकबा
-मौजूदा सचिव ने विभाग में की शिकायत, बैठी जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। यूं तो सरकार प्राथमिक किसान सहकारी समितियों की सूरत बदलना चाह रही है, मगर धरातल पर कुछ और ही चल रहा है। अकबराबाद सहकारी समिति में घालमेल सामने आया है। दरअसल, चहेते सदस्यों को उनकी वास्तविक जमीन से अधिक दिखाकर कर्ज बांट दिया गया। मामले में जांच बैठा दी गई है।
किरतपुर ब्लॉक की अकराबाद बहुउद्देश्यीय सहकारी समिति के सचिव नितिन कुमार ने विभागीय अधिकारियों से मामले की शिकायत की है। बताया कि तत्कालीन सचिव के कार्यकाल में कर्ज वितरित करते हुए लापरवाही बरती गई है। उस वक्त वास्तविक भूमि से अधिक दर्शाकर मानक विपरीत किसानों को कर्ज दिया गया है। ऐसे दस मामले प्राथमिक तौर पर सामने आए हैं। सूत्रों का दावा है कि अधिक कर्ज लेने के लिए कागजों में भी हेराफेरी की गई है।
उधर, मौजूदा सचिव की ओर से ही शिकायत करना मामले की गंभीरता को बताने के लिए काफी है। बताया जा रहा है कि मानकों को ताक पर रखकर कर्ज वितरित करने का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है। वहीं, विभाग ने गंभीरता से लेते हुए जांच बैठा दी है।
इसके अलावा शादीपुर के रहने वाले शिवकुमार ने जिला सहकारी संघ के सचिव रहे जयवीर सिंह के खिलाफ शिकायत की है। इसमें सहकारी संघ में भ्रष्टाचार और संस्था को वित्तीय हानि पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई करने की मांग उठाई है।
वास्तविक जमीन से अधिक दर्शाते हुए समिति से कर्ज लेने का मामला सामने आया है। जिसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद ही सच्चाई पता लग सकेगी। ...राजवीर, सहायक निबंधक सहकारिता