करंट से लाइनमैन की मौत
नूरपुर (बिजनौर)। शटडाउन लेकर फाल्ट सही करने खंभे पर चढ़ा लाइनमैन अचानक करंट आने से झुलस गया। उपचार के लिए ले जाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अमरोहा जनपद के नौगांवा थाना क्षेत्र के गांव रामपुर सफेद निवासी निकोलस शर्मा (35 वर्ष) छह वर्ष से अमरोहा जनपद के जमना बिजलीघर पर संविदा लाइनमैन के रूप में काम कर रहा था। बिजलीघर से नूरपुर थाने के गांव नंगली जाजू को बिजली आपूर्ति होती है। सोमवार की तड़के करीब तीन बजे नंगली जाजू में हाई वोल्टेज की लाइन में फाल्ट आ गया। सूचना पर निकोलस बिजलीघर से शटडाउन लेकर फाल्ट ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़ गया। अचानक लाइन में करंट आने से वह बुरी तरह झुलस गया। परिजन उसे उपचार के लिए मुरादाबाद ले गए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बिजलीघर पर तैनात उपकेंद्र अधिकारी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक लाइनमैन के भाई की तहरीर पुलिस ने इत्तफाकिया दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
करंट से संविदाकर्मी झुलसा
स्योहारा। बिजली विभाग की लापरवाही से संविदाकर्मी बुरी तरह झुलस गया। संविदाकर्मी लाल सिंह (30) शेखपुरा ठाट बिजलीघर पर कार्यरत है। लाइनमैन गांव के नजदीक ही किसी कुएं की लाइन ठीक करने गया हुआ था। इसका उसने नियमानुसार शटडाउन बिजलीघर से लिया था। लेकिन अन्य लाइन पर बिजली संचालित थी। इसके चलते वह पोल पर चढ़ने के कारण बिजली की चपेट में आ गया। करंट से वह बुरी तरह झुलस गया और झटके से नीचे आकर गिरा। उसे चिकित्सा के लिए मुरादाबाद प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया। घटना की जानकारी ठाट बिजलीघर के जेई द्वारा परिजनों को दी गई। इसके बाद गांव वासियों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए पीड़ित के लिए मुआवजे की मांग की। अधिशासी अभियंता धामपुर अरुण कुमार ने बताया कि संविदाकर्मी लाइनमैन शटडाउन लेकर गया था। किस कारण से दुर्घटना हुई, ये तो जांच का विषय है। घायल संविदाकर्मी को इलाज के लिए मुरादाबाद भेजा गया है।