आठ गांवों की बत्ती गुल
नांगलसोती। सौफतपुर बिजलीघर पर तकनीकी खराबी होने से क्षेत्र के करीब आठ गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। आए दिन गांवों में आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों में रोष है।
नांगलसोती के सौफतपुर बिजली घर से अलग-अलग फीडर के माध्यम से सभी गांव को बिजली आपूर्ति की जाती है। शुक्रवार सुबह तड़के लालपुर मान फीडर की ओसीबी में तकनीकी खराबी आ गई, जिस कारण हरचंदपुर, मायापुरी, चमरौला, सौफतपुर, ढोलापुरी, महमसापुर, लालपुर मान गांव की आपूर्ति ठप हो गई। करीब सात घंटों के बाद सुबह दस बजे ओसीबी सही कराकर विद्युत आपूर्ति सुचारु की गई। ग्रामीण कुलबीर सिंह, राजीव कुमार, प्रमोद, दिनेश कुमार, नीरज, इरशाद अहमद, इस्लामुद्दीन का कहना है की आए दिन बिजलीघर में खराबी होने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने खेतों की सिंचाई और ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त बिजली देने की अपील की। उधर, जेई दीपक कुमार का कहना है की ओसीबी सही कराकर बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई है। ग्रामीणों की सुविधा के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।