मंडावली क्षेत्र में पथ प्रकाश के लिए लगाई जा रहीं लाइटें।
नजीबाबाद। कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट है। प्रशासन ने कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर मोटा महादेव मंदिर क्षेत्र में व्यवस्थाएं दुरुस्त कराईं हैं। कांवड़ यात्रा मार्ग पर पथ प्रकाश का कार्य भी जोरों से चल रहा है।
श्रावण मास की कांवड़ यात्रा 11 जुलाई से शुरू हो रही है। मंगलवार को डीएम और एसपी की समीक्षा बैठक के बाद अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया और व्यवस्थाएं दुरुस्त कराईं। भागूवाला से मोटा महादेव तक और उसके बाद नगीना-बुंदकी मार्ग से बड़ी संख्या में कांवड़िये आवागमन करते हैं। सामाजिक वानिकी विभाग ने सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई कार्य को पूरा करा दिया है। फिलहाल भागूवाला से मोटा महादेव मंदिर तक पथ प्रकाश का कार्य चल रहा है। मोटा महादेव मंदिर पर पुलिस कंट्रोल रूम बनाने और स्वास्थ्य शिविर लगाने की तैयारी शुरू हो गई है।
उधर, प्रशासन की ओर से भागूवाला बॉर्डर पर स्वागत द्वार बनवाया जा रहा है। हरिद्वार से कांवड़ और गंगाजल लाने वाले शिवभक्त स्वागत द्वार से होकर यूपी की सीमा में प्रवेश करेंगे।
- हरिद्वार से गंगाजल लाने का सिलसिला जारी
हरिद्वार से गंगाजल और कांवड़ लाने का सिलसिला जारी है। बुधवार को बुलंदशहर और शाहजहांपुर के कांवड़ियों के जत्थे गंगाजल लेकर मोटा महादेव मंदिर पहुंचे। भगवान शिव का जलाभिषेक के बाद कांवड़िये अपनी मंजिल की ओर बढ़े।