- एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, जलीलपुर-मेरठ मार्ग को बंद किया गया
फोटो-
संवाद न्यूज एजेंसी
जलीलपुर/चांदपुर। जलीलपुर क्षेत्र में गंगा के निकटवर्ती गांववासियों का जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। खेत खलिहान के बाद सड़कों व आबादी में पानी चल रहा है। बढ़ते पानी के साथ ही लोगों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। गांव रायपुर खादर व मीरापुर सीकरी आदि के चारों ओर गंगा की धार चल रही है। गंगा खादर क्षेत्र गांवों को ब्लाक, तहसील, जिला मुख्यालय आदि से जोड़ने वाली सड़कों पर दो से पांच फीट तक पानी बह रहा है। जलीलपुर-मेरठ मार्ग को बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया है।
जलीलपुर-सलेमपुर-मीरापुर सीकरी, जलीलपुर-रायपुर खादर-जलालपुर, जलीलपुर-दत्तियाना आदि सड़कों पर दो से पांच फीट तक पानी बह रहा है। साथ ही स्टेट हाइवे बहसुमा ठाकुरद्वारा पर पुलिस चौकी पांडवनगर के निकट गंगा के पानी की तेज धारा चल रह रही है। गांव नारनौर व पुलिस चौकी पांडवनगर के निकट स्टेट हाईवे पर सुरक्षा कारणों से बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की आवाजाही को रोका गया है।
गांव मीरापुर सीकरी, जलालपुर खादर, रायपुर खादर के चारों ओर गंगा का पानी चल रहा है। तीनों गांव टापू में तब्दील हो गए हैं। गांव सुजातपुर खादर, रायपुर खादर, स्याली, मुजफ्फरपुर, खादर, दत्तियाना, जलालपुर खादर, मीरापुर सीकरी आदि का ब्लाॅक, थाना, तहसील व जिला मुख्यालय से सड़क संपर्क बाधित हो गया है। इन गांवों की मुख्य सड़कों पर गंगा का पानी चल रहा है। गांव मीरापुर सीकरी, रायपुर खादर, जलालपुर, जमालुदीनपुर का खेड़ा व दत्तियाना के कुछ भाग की आबादी में गंगा का पानी पहुंच गया हैं।