एनसीआर दर्ज होने पर भी जमा होंगे लाइसेंसी शस्त्र
बिजनौर। अब कोई भी छोटा मुकदमा दर्ज होने पर लाइसेंसी शस्त्र धारकों के शस्त्र नहीं बच पाएंगे। एनसीआर दर्ज होने पर शस्त्र थाने में जमा होंगे। अपराधियों के जमानती के भी आपराधिक रिकार्ड खंगालकर उनके लाइसेंस निरस्त करके शस्त्र जमा कराए जाएंगे। पुलिस ने जमानतियों के रिकार्ड खंगालना शुरू कर दिया है।
किसी से भी छोटा विवाद होने पर लाइसेंसीधारक अपने शस्त्र निकाल ले आते थे। कई बार विवाद में ये शस्त्र इस्तेमाल भी होते रहे हैं। शस्त्रों की वजह से बड़ी घटना होती रही हैं। पर अब कोई झगड़े फसाद में इन शस्त्रों को इस्तमाल नहीं कर पाएगा। अगर किसी ने ऐसा किया तो उसे इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। अब कोई भी मुकदमा दर्ज होने पर तुरंत शस्त्र को थाने में दर्ज कराया जाएगा। एनसीआर दर्ज होने पर भी शस्त्र जमा होंगे। अपराधियों की जमानत लेने वालों को भी आपराधिक रिकार्ड खंगालकर उनके लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे। इसकी कवायद शुरू कर दी है। जिले भर में जमानत लेने वालों की पुलिस जांच करने में जुटी है। रिकार्ड खंगालकर देखा जा रहा है कि किस जमानत लेने वाले के खिलाफ मुकदमें दर्ज हैं।
एसपी डा. धर्मवीर सिंह के मुताबिक अगर किसी के खिलाफ एनसीआर भी दर्ज हुई तो उसका शस्त्र थाने में जमा कराया जाएगा। पुलिस को इस बारे में कड़े निर्देश दिए गए है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की जमानत लेने वालों की भी जांच हो रही है। अगर उन पर मुकदमे दर्ज है तो उनके भी लाइसेंस निरस्त होंगे।