बिजनौर। कोरोना काल के बाद जिले में उत्पन्न हुई गुलदार की समस्या अब विकराल हो गई है। वन विभाग ने इससे निपटने के लिए गन्ने के खेतों में इनकी गणना कराने की तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही इस समस्या से निपटने के लिए शासन से जिले में डब्ल्यूडब्ल्यूएफ और डब्ल्यूटीआई के साथ वन्य जीव विशेषज्ञों की स्थायी यूनिट खोलने का प्रस्ताव भी शासन को भेजा है।
भले ही बिजनौर वन प्रभाग सामाजिक वानिकी कहलाता हो, लेकिन पिछले दो साल से यहां पर वन्य जीवों खासकर गुलदार का आतंक इंसानों के लिए मुसीबत बन गया है। बिजनौर जिले की भौगोलिक स्थिति पर नजर डालें तो अमानगढ़ से लेकर नजीबाबाद तक घना जंगल है। अमानगढ़ में जहां बाघ से लेकर गुलदार तक की मौजूदगी है, वहीं नजीबाबाद डिवीजन की अधिकांश रेंज में हाथी और गुलदार की मौजूदगी देखने को मिलती है।
आरक्षित वन क्षेत्र से कई गुना गुलदार गन्ने के खेतों में घूम रहे हैं। एक अनुमान के मुताबिक जिले में गन्ने के खेतों में 500 से ज्यादा गुलदार हो सकते हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो अकेले वर्ष 2023 में जिले में 17 इंसानों की जान गुलदार के हमलों में चली गई। वहीं 14 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। वहीं इस वर्ष 06 लोगों की जान गुलदार के हमलों में अब तक जा चुकी है। गुलदार की संख्या का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पिछले साढ़े सात माह में वन विभाग अलग-अलग जगहों से 46 गुलदार व उनके शावक पकड़ चुका है।
- गणना कराएंगे, विशेषज्ञों के साथ मिलकर निकालेंगे समाधान : ज्ञान सिंह
एसडीओ वन विभाग ज्ञान सिंह ने बताया कि उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर डब्ल्यूडब्ल्यूएफ, डब्ल्यूटीआई के साथ वन्य जीव विशेषज्ञों की स्थायी यूनिट जिले में खोलने का प्रस्ताव भेजा गया है। इनकी गणना कराई जाएगी। इसके बाद सभी मिलकर इस समस्या के समाधान का प्रयास करेंगे।
गुलदार से बचाव के तरीके
- कृषि कार्य करते समय समूह में रहें
-जंगल जाते समय बच्चों को साथ में न रखें
-गले में गमछा या नेकपैड पहनकर खेत में जाएं
-गुलदार से बचने को मुखौटा भी लगा सकते हैं
- खेत में काम करने से पहले हाका करें
- कृषि कार्य करते समय तेज आवाज में गाने बजाएं
- जंगल में जाते समय हाथ में डंडा और टार्च जरूर रखें
- वर्ष 2023 से अब तक गुलदार के हमलों में मौत
1. 17 फरवरी 2023 को नगीना के गांव किरतपुर में किशोरी अदिति को निवाला बनाया।
2. 4 मार्च 2023 को नहटौर के गांव बल्लाशेरपुर में मासूम पूर्वी(5) पुत्री अंकित को मार डाला।
3. 18 मार्च 2023 को नगीना के गांव काजीवाला में मिथिलेश(45) को मौत के घाट उतारा।
4. 19 अप्रैल 2023 को अफजलगढ़ के गांव सीरवासचंद में तुंगल सैनी(70) को मारा।
5. 23 अप्रैल 2023 की रात रेहड़ के गांव उदयपुर चांदपुर में मासूम अर्शी(5) पुत्री रिजवान को घर उठाकर ले गया और मार डाला।
6. 25 अप्रैल 2023 की रात रेहड़ के गांव मूसापुर में मासूम खुशी(6) पुत्री देकटंद सैनी को घर से उठाकर ले गया और मार डाला।
7. 26 अप्रैल 2023 की सुबह घूमने निकले युवक राहुल(25) पुत्र युद्धिष्ठिर पर हमला करते हुए मौके के घाट उतारा।
8. 21 जून को अफजलगढ़ के गांव मोहम्मदपुर राजौरी निवासी कमलेश देवी को उत्तराखंड की सीमा में मार डाला
9. 22 जून को रेहड़ के गांव बादशाहपुर में गुलदार ने हमला कर दस वर्षीय बच्चे अभिजोत को उतारा मौत के घाट
10. 17 जुलाई को कोतवाली देहात गांव मखवाड़ा में खेत में काम कर रही महिला गुड्डी पत्नी धर्मवीर को बनाया निवाला
11. 27 जुलाई को नगीना थानोक्षेत्र के गांव तेलीपुरा में खेत में युवक संदीप उठा ले गया और मार डाला
12. 30 जुलाई को रेहड़ थानाक्षेत्र के गांव भटपुरा निवासी जमुना देवी(19) पुत्री शमशेर सिंह को मार डाला।
13. 2 अगस्त को कोतवाली देहात थानांर्तगत गांव सिकंदरपुर में ब्रह्मपाल (65) को गुलदार ने बनाया निवाला।
14. 27 अगस्त 2023 को अफजलगढ़ थानाक्षेत्र में भूतपुरी के गांव शाहपुर जमाल में सुबह चारा लेने गई गोमती पत्नी यशपाल को मारा।
15. 28 अगस्त को नगीना रेंज के बढ़ापुर थाने के गांव भोगपुर खदरी में गुलदार घर के आंगन से करन (13) पुत्र अमर सिंह के उठा ले गया और मार डाला।
16. 28 सितंबर को अफजलगढ़ थानाक्षेत्र के गांव शाहपुर जमाल में दुकान से लौट रहे नैतिक (10) पुत्र संजय को गुलदार ने बनाया निवाला
17. दो नवबंर 2023 की रात बढ़ापुर क्षेत्र के गांव खत्रीवाला निवासी पदम सिंह के पुत्र जिगर (14) को गुलदार घर से उठाकर ले गया और मार दिया।
18. 30 नवंबर 2023 की दोपहर को हीमपुर दीपा के गांव सब्दलपुर रेहरा में गन्ने के खेत में अल्फेज पुत्र शमीम निवासी बेरखेड़ा को को मार डाला।
19. 18 दिसंबर 2023 को नहटौर के गांव बड़ियोवाला में नैना (6) पुत्री महेंद्र पर किया हमला, धामपुर में उपचार के दौरान हुई मौत
20. 22 जुलाई 2024 को हीमपुर दीपा क्षेत्र में गांव पिलाना में गुलदार ने सलोनी (15) पुत्री कोमल सैनी को मार डाला
21: 17 अगस्त 2024 को हीमपुर दीपा क्षेत्र के गांव पिलाना में गुलदान ने संतोष (65) पत्नी स्वर्गीय करन सिंह त्यागी को मार डाला