कोतवाली देहात के ग्राम धनौरी कुंवर के जंगल पिंजरे में कैद हुआ गुलदार स्रोत ग्रामीण
रविवार को लगाया गया था पिंजरा, 24 घंटे के भीतर पकड़ा गया गुलदार
संवाद न्यूज एजेंसी
रेहड़। मौजा अल्हैपुर वीरान में लगाए गए पिंजरे में रविवार रात एक गुलदार कैद हो गया। गुलदार को चिकित्सीय परीक्षण के लिए पीली डैम चौकी लाया गया है।
गांव माधोवाला के नजदीक मौजा अल्हैपुर वीरान में रविवार को पिंजरा लगाया गया था। पिंजरा लगाने के 24 घंटे के भीतर ही गुलदार उसमें कैद हो गया। ग्रामीण भूपिंदर, मेजर, कुलदीप, अवतार, प्रीत आदि ग्रामीणों ने बताया कि करीब दस दिन में गुलदार कई पालतू एवं निराश्रित पशुओं को निवाला बना चुका था, जिसके चलते ग्रामीण दहशत के साए में जी रहे थे। ग्रामीणों की मांग पर वन विभाग ने रविवार की सुबह एक खेत में पिंजरा लगाया था। रात में किसी समय गुलदार पिंजरे में कैद हो गया। सुबह गुलदार के गुर्राहट सुनकर ग्रामीणों को जानकारी हुई। गुलदार को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
इस संबंध में रेंजर नगीना प्रदीप शर्मा ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर वनकर्मी मौके पर पहुंचे तथा गुलदार को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पीली डैम चौकी ले आए। उन्होंने बताया कि गुलदार नर है और उसकी उम्र लगभग पांच वर्ष है। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उच्चाधिकारियों के आदेश पर गुलदार को संबंधित क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा। इस अवसर पर वन दरोगा सत्यवीर यादव, धर्मेंद्र चौधरी सहित अंकित कुमार, मोहम्मद साजिद आदि वन कर्मी मौजूद रहे।
कोतवाली देहात के ग्राम धनौरी कुंवर के जंगल पिंजरे में कैद हुआ गुलदार स्रोत ग्रामीण