हादरपुर में मिले तेंदुए की पीलिया से हुई मौत
बिजनौर। अनिश्चित दिनचर्या और खराब खानपान की वजह से अब तक इंसानों में पीलिया की बीमारी देखने को मिलती थी, लेकिन अब जंगली जीवों में भी यह बीमारी पहुंच गई। शेरकोट क्षेत्र में एक मादा गुलदार की मौत हुई थी। पोस्टमार्टम किया गया तो गुलदार का लीवर खराब निकला। चिकित्सकों का कहना है कि गुलदार की मौत पीलिया बीमारी से हुई है।
जिले में गुलदार आतंक पर्याय बने हुए हैं। खेतों के अलावा अब तक तो गांवों में गुलदार दिन में ही घूस आते हैं। गुलदार पिछले करीब डेढ़ साल में जिले में आठ लोगों की जान ले चुके हैं। हालांकि जनता के चंगुल में फंसने पर गुलदार का बचना भी नामुमकिन हो जाता है। पिछले एक साल में दो गुलदार जनता के हाथों मारे जा चुके हैं। गुलदार के वैसे तो वाहनों की चपेट में मरने के मामले सामने आते रहते हैं, लेकिन शेरकोट में एक अलग मामला सामने आया है। शेरकोट में एक मादा गुलदार गांव हादरपुर के जंगल में मरी हुई मिली। इसके शव की जांच बरेली में कराई गई। जांच में पता चला कि मादा गुलदार को पीलिया था। उसका लीवर काफी खराब हालत में मिला। इंसानों में लगातार गंदा पानी पीने, शराब ज्यादा पीने या चिकनाई ज्यादा खाने से पीलिया होता है लेकिन गुलदार में पीलिया होने का यह अलग ही मामला सामने आया है।
बीमार कुत्ते खाने से होता है पीलिया
गुलदार में पीलिया स्वाभाविक रूप से नहीं होता है। कई बार कुत्तों में पीलिया से जुड़ी वायरल डिजिज आने की वजह से कुत्तों को पीलिया हो जाता है। कुत्ते गुलदार का पसंदीदा आहार होते हैं। इस वायरल से प्रभावित कुत्ते को खाने से गुलदार को भी पीलिया हो जाता है। पीलिया होने से गुलदार कमजोर हो जाता है और उसे भूख भी नहीं लगती है। इससे उसकी मौत भी हो जाती है। इसलिए वन क्षेत्र के आसपास कुत्तों को इस बीमारी से बचाव के लिए टीकाकरण कराया जाता है।
गुलदार भी होते हैं हादसे का शिकार
हादसे किसी के भी साथ हो सकते हैं और गुलदार भी इससे अछूते नहीं होते हैं। दो साल पहले स्योहारा क्षेत्र के एक गांव में एक गुलदार मरा हुआ मिला था। जांच में गुलदार के सिर में चोट मिली थी और उसके नाखून टूटे हुए मिले थे। गुलदार पेड़ों पर चढ़ने में माहिर होते हैं। लेकिन तब माना गया था कि पेड़ पर चढ़ते समय नाखून टूटने से गिरकर पर गुलदार की चोट लगने से मौत हुई है।
वन्य जीवों में भी बीमारी
वन्य जीवों को भी कई बीमारी हो सकती हैं। शेरकोट में मरे मिले गुलदार में पीलिया के लक्षण मिले हैं। पोस्टमार्टम में उसका लीवर खराब पाया गया है - डॉ. एम सेम्मारन, डीएफओ।