मंडावली/नजीबाबाद। गांव शेखूपुरा आलम में किसान के साथ खेत की रखवाली कर रहे कुत्ते को गुलदार ने निवाला बनाया है। किसान ने भाग कर बचाई जान। ग्रामीणों ने सामाजिक वानिकी से पिंजरा लगाने की मांग की है। थाना क्षेत्र में गांव शेखूपुरा आलम में किसान गंगादास मालन नदी के नजदीक खरबूजा, तरबूज, खीरा आदि की पलेज की खेती करता है। किसान फसल को जंगली-जानवरों से बचाने के लिए दिन-रात पर रहकर रखवाली करते हैं। बुधवार की रात किसान गंगादास अपने पालतू कुत्ते के साथ खेत की रखवाली कर रहा था। तभी अचानक गुलदार ने कुत्ते पर हमला बोल दिया। किसान गंगादास जान बचाकर गांव की तरफ दौड़ा और शोर मचाया। राजू कुमार, चमन तोमर, सोनू कई ग्रामीण लाठी-डंडों के साथ घटना पर पहुंचे, जब तक गुलदार कुत्ते का निवाला बना चुका था। ग्रामीणों को खेत पर कुत्ते के अवशेष मिले। ग्रामीणों ने सामाजिक वानिकी से गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगवाने की मांग की है। उधर बुंदकी मार्ग पर 24 मई को संजीवनी नर्सरी में पालतू कुत्ते और उसके तीन बच्चे को गुलदार निवाला बनाया था। पिछले तीन-चार से लगातार नर्सरी के आसपास गुलदार देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में पिंजरा लगाने की मांग की है।