कोतवाली देहात। मलकपुर देहरी-चंदपुरा मार्ग पर स्थित देवस्थल पर देव मूर्तियों को खंडित कर दिया गया। पुलिस ने हरिद्वार से मूर्तियां मंगवाकर स्थापित करा दी हैं। चंदपुरा संपर्क मार्ग पर मलकपुर देहरी गांव के रहने वाले रतिराम सिंह के खेत के पास दर्रे वाले बाबा के नाम से देव स्थल है। यहां पर विभिन्न देवी-देवताओं की मूर्तियां स्थापित हैं। बुधवार शाम एक युवक ने मूर्तियों को खंडित कर दिया। बृहस्पतिवार सुबह जानकारी होने पर काफी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर कोतवाली देहात एसओ विकास कुमार मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पास के गांव बनखला के युवक को हिरासत में लिया। युवक मानसिक बीमार बताया गया है। देर शाम पुलिस और कुछ ग्रामीण ने मूर्तियों को हरिद्वार से लाकर स्थापित करा दिया। युवक को चेतावनी देने के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में ग्रामीण रतिराम सिंह व नीरज देशवाल ने लिखित में शिकायत की है।