नहटौर (बिजनौर)। गांव नारायण खेड़ी के जंगल में गुलदार ने अलग-अलग स्थानों पर दो लोगों पर हमला कर घायल कर दिया। वन विभाग की टीम ने गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया है।
नूरपुर क्षेत्र के गांव अथाई जमीरूद्दीन निवासी शमीम (55) पुत्र रसीद किसी काम से पैदल नारायण खेड़ी आ रहे थे। रास्ते में खेत से निकलकर गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। शोर मचाने पर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे। उन्हें देखकर गुलदार भाग गया। घायल शमीम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, गांव के ही किसान प्रशांत कुमार (45) पुत्र जयपाल सिंह अपने खेत में काम कर रहे थे। बाजरे के खेत से निकलकर गुलदार ने उस पर हमला बोल दिया। पास में ही गेहूं की फसल काट रहे लोगों ने शोर मचाकर गुलदार को भगाया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन विभाग को दी। वन विभाग की टीम ने ड्रोन कैमरे से गुलदार की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं लगा। रेंजर गोविंदराम गंगवार ने बताया कि गुलदार को पकड़ने के लिए मौके पर पिंजरा लगवा दिया गया है। ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।