विधायकों ने युवाओं को बांटी खेल सामग्री
बिजनौर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। देश के भविष्य को ऊर्जावान, यशस्वी, सशक्त और शिक्षित बनाने के लिए युवाओं को रचनात्मक एवं सकारात्मक दृष्टिकोण की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवा वर्ग विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र के युवा एवं युवतियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के प्रति गंभीर है।
बुधवार को मुख्यमंत्री ने वर्चुअल एनआईसी के माध्यम से प्रदेश के युवक एवं महिला मंगल दलों को प्रोत्साहन स्वरूप खेल सामग्री का वितरण किया। कलक्ट्रेट स्थित एनआईसी में डीएम रमाकांत पांडेय, सदर विधायक सुचि चौधरी, चांदपुर विधायक कमलेश सैनी ने सात युवक एवं महिला मंगल दलों के पदाधिकारियों को फुटबाल एवं वॉलीबाल की पांच-पांच, डिस्प्ले स्टैंड, नेट दो-दो, रस्सी कूद पर आधारित खेल सामग्री किट का वितरण किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के तत्वावधान में प्रदेश के 67 हजार युवक एवं महिला मंगल दलों को जन प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के माध्यम से प्रोत्साहन स्वरूप खेल सामग्री किट का वितरण किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के दस जिलों के युवक एवं महिला मंगल दलों के पदाधिकारियों से वर्चुअल रूप से संवाद स्थापित किया गया। इस अवसर पर सीडीओ केपी सिंह, जिला युवा कल्याण अधिकारी विशाल कुमार, प्रमोद कुमार वशिष्ठ, संजय कुमार शर्मा, तिलकराम, रुद्रवीर सिंह, हरपाल सिंह, कमलजीत सिंह नूर, ऋषिपाल सिंह, सुरेंद्र, किशन सिंह आदि मौजूद रहे।
बिजनौर मंगल दल के अध्यक्ष लखनऊ में सम्मानित
नूरपुर। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के तत्वावधान में लखनऊ लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद के राजा का ताजपुर युवक मंगल दल एवं रायपुर लकड़ा महिला मंगल दल के अध्यक्षों को सम्मानित कर खेल सामग्री का वितरण किया। इसके अलावा जनपद मुख्यालय पर जिलाधिकारी ने युवक व महिला मंगल दलों को खेल सामग्री का वितरण किया। लखनऊ में राजा का ताजपुर युवक मंगल दल के अध्यक्ष अनुराग त्यागी और रायपुर लकड़ा महिला मंगल दल की अध्यक्ष पूनम देवी को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।