-बिलाई चीनी मिल गत वर्ष का किया पूरा भुगतान
-रविवार को बिलाई चीनी मिल पर बनेगी रणनीति
संवाद न्यूज एजेंसी
हल्दौर। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन बिलाई चीनी मिल क्रमिक आंदोलन चल रहा है। शनिवार को धरने पर पहुंचे अधिकारियों ने किसानों को गत वर्ष के समस्त बकाया भुगतान का लिखित पत्र दिया। आंदोलित कार्यकर्ता खुश हुए। पदाधिकारियों ने कहा कि रविवार को चीनी मिल गेट पर किसानों के बीच चालू पेराई सत्र के बकाया पर रणनीति बनाई जाएगी। कल ही आंदोलन के संबंध में घोषणा होगी।
संगठन के जिला संयोजक भीम सिंह, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के महासचिव कैलाश लांबा, युवा जिलाध्यक्ष योगेंद्र कुमार उर्फ बिट्टू, ब्लॉक अध्यक्ष सुजान सिंह, ठाकुर नरेंद्र सिंह, कावेंद्र सिंह ने बताया कि चीनी मिल के यूनिट हेड विकास सिंह त्यागी, गन्ना महाप्रबंधक जयवीर सिंह, हल्दौर के गन्ना सचिव ओमप्रकाश सिंह, गन्ना सचिव धानेश्वर सिंह, सचिव मनोज पहुंचे और करीब एक घंटा दोनों के बीच वार्ता हुई।
संगठन के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार उर्फ बिट्टू, जिला महासचिव वेदप्रकाश चौधरी, आईटी सेल मुरादाबाद मंडल प्रभारी गौरव कुमार, जिला प्रभारी राजपाल भगत ने कहा कि चीनी मिल प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा गतवर्ष का समस्त भुगतान करने का लिखित रूप में पत्र दिया। संगठन के कार्यकर्ताओं और किसानों से रविवार सुबह 11 बजे चालू सत्र का भुगतान कराएं जाने को लेकर अग्रिम रणनीति तय करने के लिए किसानों से बिलाई चीनी मिल मेन गेट पर पहुंचने की अपील की है।