एलईडी बल्ब बनाती स्वयं सहायता समूह की महिलाएं। स्रोत प्रशासन
-प्रशासन ललिता की सफलता की कहानी से अन्य महिलाओं को करेगा प्रेरित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मिशन शक्ति ने बिजनौर समेत प्रदेश भर की महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता दी है। बिजनौर जिले के ग्राम महावतपुर की 36 वर्षीय ललिता इसकी एक प्रेरक मिसाल हैं। कभी आर्थिक तंगी से जूझ रहीं ललिता आज सफल उद्यमी बन चुकी हैं। उन्होंने दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़कर यह मुकाम हासिल किया। अब प्रशासन व राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन इस महिला की सफल कहानी से अन्य महिलाओं को प्रेरित कर उद्यमी बनने का प्रयास करेगा।
वर्ष 2017 में ललिता ग्रामीण आजीविका मिशन के समूह से जुड़ीं। 2018 में उन्हें कृष्णा स्वयं सहायता समूह का कोषाध्यक्ष चुना गया। ललिता ने महज 15 हजार रुपये के रिवॉल्विंग फंड से एलईडी बल्ब बनाना शुरू किया। उनका यह उद्यम अब विदुर'' ब्रांड के रूप में जाना जाता है। 30 घंटे के तकनीकी प्रशिक्षण ने उनके कौशल को निखारा। क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) से उन्हें 2 लाख रुपये का ऋण मिला। इस पूंजी से उन्होंने अपने कारोबार का विस्तार किया। आज उनकी प्रतिमाह आय 30 हजार रुपये है। यह सालाना 3.60 लाख रुपये की शानदार आय है। वह अपने उद्यम से गांव की 4 से 5 महिलाओं को रोजगार भी दे रही हैं। इन महिलाओं को 200 रुपये प्रतिदिन का मानदेय मिलता है।
एनआरएलएम उपायुक्त मनोज वर्मा ने बताया कि ललिता के बनाए उत्पाद मुरादाबाद जैसे मेलों में खूब बिके। वहीं दिवाली पर भी इनकी अच्छी मांग रही। अन्य महिलाओं को भी इससे प्रेरणा मिलेगी।
संघर्ष से नहीं डरीं : ललिता
ललिता ने बताया कि पारिवारिक जीवन पहले संघर्षों से भरा था। एमए शिक्षित होने के बावजूद सास-ससुर के देहांत के बाद आर्थिक तंगी बढ़ गई। पति की इलेक्ट्रीशियन के काम से आय बहुत सीमित थी। उन्हें दो किलोमीटर दूर नजीबाबाद जाने के लिए भी पैदल चलना पड़ता था। परिवार ने एक समय हरिद्वार में मजदूरी करने का फैसला कर लिया था। इसी दौरान स्वयं सहायता समूहों ने उनके जीवन को नई दिशा दी।