दिल्ली और पानीपत के लिए खास
एनआईआईटी के खेल मैदान में नजीबाबाद क्रिकेट कप टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन
फोटो-16एनजेडबी07आर
संवाद न्यूज एजेंसी
नजीबाबाद (बिजनौर)। नजीबाबाद क्रिकेट कप टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में लक्ष्मी वारियर पानीपत और सैगल क्लब ने मैच जीते। दोनों मैचों में पहले खेलने वाली टीमों ने 200 से अधिक रन बनाए।
नजीबाबाद क्रिकेट कप टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजक मो. शाहिद और अहमर खां के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को दो मैच खेले गए। पहला मैच उदयभान क्लब दिल्ली और लक्ष्मी वारियर पानीपत के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्मी वारियर ने 20 ओवर में 225 रन बनाए। टीम के मोहिल अहलावत ने 38 गेंदों में 80 और नकुल ने 17 गेंदों में 56 रन बनाए। उदयभान क्लब की ओर से तरुण ने दो और मनोज ने एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए उदयभान क्लब की टीम 20 ओवर में 209 रन ही बना सकी। टीम के साहिल शर्मा ने 92 और सुरेंद्र ने 60 रनों का योगदान दिया। एनआईआईटी के कार्यकारी निदेशक अभिनव अग्रवाल ने लक्ष्मी वारियर के खिलाड़ी मोहिल अहलावत को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया।
दूसरा मैच सैगल क्लब दिल्ली और एनसीसी क्लब नजीबाबाद के बीच खेला गया। टॉस जीतकर एनसीसी क्लब ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। सैगल क्लब ने चार विकेट खोकर 18 ओवर में 282 रन बनाए। टीम में सुल्तान अंसारी ने सर्वाधिक 58 गेंदों में 146 और शिवम ने 39 गेंदों 105 रन बनाए। एनसीसी क्लब की ओर से विशाल और अंकित ने दो-दो विकेट लिए। जबाब में खेलने उतरी एनसीसी क्लब की पूरी टीम 14 ओवर में मात्र 104 रन ही बना सकी। सैगल क्लब की ओर से विशाल ने तीन, शिवम और मोनू ने दो-दो विकेट लिए। सुल्तान अंसारी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट के दोनों मैच अंपायर अमित कुमार और नदीम की देखरेख में खेले गए। इस अवसर पर मो. वसीम, मो. अरसद, मो. जाहिद, तनवीर अहमद उपस्थित रहे।