अधिवक्ता के मकान में लाखों की चोरी
बिजनौर। चोरों ने अधिवक्ता के मकान को खंगालकर 30 लाख रुपये के नगदी व जेवर चोरी कर लिए। चोरी की तहरीर पुलिस को दे दी हैं।
हल्दौर थाना क्षेत्र के गांव पैजनिया निवासी अधिवक्ता कृष्ण बहादुर त्यागी बिजनौर में डीएवी इंटर कालेज के पास बुखारा कालोनी के सरकारी आवास में रहते हैं। उनकी पत्नी लतामंगेश कलक्ट्रेट में लिपिक हैं। बुधवार को कृष्ण बहादुर अपने गांव पैजनिया गए थे। पत्नी ड्यूटी करने गई थी। शाम करीब साढ़े पांच बजे पत्नी लता मंगेश ड्यूटी से घर लौटी तो घर के ताले टूटे देखे। मकान के अंदर सेफ का लॉक भी टूटा मिला। घर का सारा सामान तितर-बितर पड़ा था। पत्नी ने कृष्ण बहादुर को भी गांव से बुला लिया। कृष्ण बहादुर त्यागी के मुताबिक गांव में उनका मकान बन रहा है। दो लाख रुपये मकान बनाने को घर में रखे थे। इसके अलावा दो बेटी के जेवर भी उनके घर पर रखे थे। चोर उनके व दोनों बेटी के सोने चांदी के जेवरात दो लाख रुपये नगद समेत करीब तीस लाख रुपये का सामान चोरी करके ले गए। चोरी की सूचना पुलिस को दी गई। चोरों ने सरिए से ताले तोड़े हैं।