मंडावली/नजीबाबाद। आंधी के दौरान एक बैंक्विट हॉल की दीवार गिरने से उसमें दबकर राहतपुर खुर्द निवासी 35 वर्षीय मजदूर फरियाद की मौत हो गई।
मंडावली क्षेत्र के गांव राहतपुर खुर्द में गांव के बाहर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के नजदीक हाजी अब्दुल अजीज का बैंक्वेट हॉल है। बैंक्वेट हॉल के पास मजदूर फरियाद का मकान है। बृहस्पतिवार देर शाम अचानक आई आंधी के दौरान फरियाद बैंक्वेट हॉल में था। तेज आंधी में बैंक्वेट हॉल की टिनशेड उड़ गई और उसकी एक दीवार गिर गई। दीवार के नीचे फरियाद दब गया। शोर शराबा सुनकर ग्रामीण मदद को आए और उसे दीवार के नीचे से निकला। घायल अवस्था में फरियाद को ग्रामीण उपचार के लिए ले जाने लगे लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। मंडावली का मूल निवासी फरियाद दो साल से राहतपुर खुर्द में मकान बनाकर रह रहा था। फरियाद अपने पीछे तीन बेटी और एक बेटे को रोता बिलखता छोड़ गया।