नगीना में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नगीना में रामडोल का जुलूस शांतिपूर्ण निकल गया। जुलूस में शामिल नौ अखाड़ों के खिलाड़ियों ने नगर के मुख्य मार्गो पर जहां जमकर करतब दिखाए।
शुक्रवार की दोपहर 12 बजे से रेलवे फाटक स्थित साहू ट्रेडर्स से जुलूस में शामिल होने वाली चार झांकियों व बैंड में शामिल कलाकारों को प्रबंधक साहू रविशचंद अग्रवाल ने तिलक लगाकर रवाना किया। झांकियां व बैंड रेलवे चौक, गांधी मूर्ति, मंडी मौलगंज, लुहारी सराय होते हुए बड़ा मंदिर पहुंचे जहां जुलूस को बड़ा मंदिर के जारी डा. विपिनचंद त्रिपाठी ने श्री कृष्ण भगवान के डोले में कृष्ण भगवान के जन्म के कपड़े लेकर बैठ गए तथा जुलूस विधिवत प्रारंभ हुआ।
जुलूस में सबसे आगे बाजार गंज, बड़ा मंदिर, सुनारों का बाजार, मुहल्ला कलालान, सैनी समाज, विश्रोई सराय, साहूवान, पाधान के अखाड़े चल रहे थे जिसमें छोटे बड़े युवा कलाकार करतब दिखाते हुए नगर के मुख्य मार्ग से होते हुए बाजार गंज, बाजार बारादरी, थाना के सामने, जामा मस्जिद से श्रीकृष्ण गोशाला स्थित ब्राह्मणी वाले तालाब पर पहुंची। अखाड़ों के प्रारंभ होने से पूर्व अखाड़ों के उस्तादों, खलिफाओं को तिलक लगाकर जुलूस में शामिल कराया गया।
जुलूस में राधा कृष्ण, शिव पार्वती, मां दुर्गा की झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। रामडोल जुलूस के जामा मस्जिद के करीब स्थित थाना परिसर के बाहर एडीएम राममूर्ति मिश्रा, एएसपी धर्मवीर सिंह, चेयरमैन शेख खलीलुर्रहमान, एसडीएम प्रदीप कुमार, सीओ अशोक कुमार, तहसीलदार परमानंद झा, थाना प्रभारी निरीक्षक नाथीराम पवार आदि ने सभी अखाड़ों के उस्तादों व कलाकारों व झांकियों में शामिल कलाकारों को पगड़ी बांधकर व नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
जुलूस का नेतृत्व साहू रविशचंद अग्रवाल, हरिगोपाल अग्रवाल, साहू कपिल अग्रवाल, धर्मेन्द्र पारस, गौरव गोयल, आमोद शुक्ला, शरद गर्ग, गोपाल शर्मा, राकेश विश्रोई, मनोज विश्राई, टिकेन्द्र विश्रोई, आदि कर रहे थे। जुलूस को शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने के लिए इस बार पहले से दुगना पुलिस बल तैनात किया गया था तथा शरारती तत्वों पर नजर रखने के लिए छह प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर निगरानी की गई। जुलूस की वीडियोग्राफी, कराई गई तथा सादी वर्दी में भी पुलिस कर्मी तैनात रहे।
कड़ा रहा पुलिस का पहरा
नगीना। रामडोल जुलूस को निकालने के लिए पुलिस ने इस बार बेहद कड़े इन्तजाम किए थे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत मुस्लिम बाहुल्य बाजार लुहारी सराय में विशेष रूप से काफी पुलिस बल लगाया गया तथा मुहल्ला शाहजहीर में शुक्रवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार पर भी पुलिस ने रोक लगा दी थी। दुपहर 12 बजे से नगर के मुख्य मार्ग के यातायात का रास्ता बदल कर निकाला गया।
पुलिस ने रोका रामडोल जुलूस
फीना/शिवाला कलां। शिवाला कलां में शुक्रवार को हिंदू समुदाय के लोगों ने डीजे व बैंड के साथ रामडोल का जुलूस निकालने की तैयारी रहे थे। इस दौरान दूसरे समुदाय ने इस नई परंपरा बताते हुए पुलिस से जुलूस को रोके जाने की मांग की। सूचना पाकर पहुंचे थानाध्यक्ष विजेंद्र सिंह राणा ने जुलूस निकालन की तैयारी कर रहे लोगों को रोक दिया और उन्हें गांव में कोई नई परंपरा शुरू न करने की हिदायत दी। पुलिस के रोकने पर हिंदू समुदाय के लोग जुलूस स्थगित कर अपने घरों को चले गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि गांव में कोई नई परंपरा शुरू नहीं होने दी जाएगी।
चप्पे-चप्पे पर तैनात रही पुलिस
नूरपुर (ब्यूरो)। प्राचीन शिव मंदिर से पूजा-अर्चना के बाद नगीना सांसद डा. यशवंत सिंह ने फीता काटकर जुलूस का शुभारंभ किया। सबसे आगे भगवान श्रीकृष्ण एक पालकी में सवार होकर चल रहे थे। उनके पीछे राधा कृष्ण भगवान शिव पार्वती, राम लक्ष्मण, भगवान परशुराम सहित सभी देवी देवताओं की सुंदर झांकियां मौजूद थीं। जुलूस प्राचीन शिव मंदिर से शुरू होकर परंपरागत मार्ग बुध बाजार चौक, जामा मस्जिद, सिंघाड़ियान, बंजारन चौक, चौधरियान, शिवालय रोडवेज, शिव मंदिर चौक होता हुआ वापस प्राचीन शिव मंदिर पहुंचकर संपन्न हुआ। डीएम बी चंद्रकला व एसपी उमेश श्रीवास्तव थाने में मौजूद रहकर जुलूस पर निगाह बनाए रहे। जुलूस के आयोजन में रामडोल समिति के अध्यक्ष पवन गोयल, धर्मेंद्र जोशी, परागपाल, उमेश मिश्रा, पुष्पेंद्र शेखावत, प्रेमपाल रवि, पूर्व राज्यमंत्री महावीर सिंह, अशोक चौधरी, जितेंद्र बैंस, हरभजन सिंह आदि का योगदान रहा। पालिका चेयरमैन हाजी इरशाद अली भी जुलूस में शामिल हुए। उधर राजा का ताजपुर में भी रामडोल का जुलूस हर्षोल्लास के साथ निकाला गया। जितेंद्र आर्य, धर्मअवतार वर्मा, पंकज त्यागी, सतीश यादव का योगदान रहा।
जुलूस में जुटे श्रद्धालु
शेरकोट। मुहल्ला फतेहनगर के गढ़ी मंदिर से शुक्रवार दोपहर बाद यह जुलूस शुरू हुआ। उद्घाटन पालिकाध्यक्ष शेख कमरूलइस्लाम एवं भाजपा नेता कामेश्वर राजपूत ने फीता काटकर किया।जुुुलूस में युवक अखाड़े के करतब दिखाते चल रहे थे। कार्यक्रम में संदीप चौहान, देशबंधु चौहान, अभि राजपूत, विनीत गहलौत रहे।
तीसरी आंखों की रही नजर
नूरपुर/नगीना। रामडोल पर दो वर्ष पूर्व हुए विवाद को देखते हुए जुलूस के चारों ओर पुलिस तैनात रही। जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से निकालने के लिए मुरादाबाद, रामपुर, संभल, मुरादाबाद से भारी पुलिस बल के साथ पीएसी व आरआरएफ की टुकड़ी भी लगाई गई थी। विवादित बंजारन चौक पर मकानों की छत पर पुलिस तैनात की गई थी। इसके अलावा जुलूस पर निगाह रखने के लिए प्रमुख स्थानों पर 10 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे और कैमरों की जानकारी देने के लिए चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए थे। जुलूस के लिए नगर को चार सेक्टरों में बांटकर प्रत्येक सेक्टर में की जिम्मेदारी सीओ कोम दी गई थी। पौने दो बजे शुरु हुआ जुलूस शाम पांच बजे शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।