जिला अस्पताल का कोविड एल-2 विंग हुआ खाली
बिजनौर। जिला अस्पताल में बना कोविड एल-2 विंग कोरोना संक्रमित मरीजों से खाली हो गया है। शनिवार रात तक जिले में कुल तीन एक्टिव केस थे, जो सभी होम आइसोलेशन में हैं। पिछले करीब 12 दिनों से कोविड एल-2 विंग में एक भी मरीज भर्ती नहीं हुआ है। यह स्थिति बेहद ही राहत वाली है।
कोरोना की पहली से अधिक दूसरी लहर ने कहीं अधिक कहर बरपाया। अब जनपद धीरे-धीरे राहत की ओर से बढ़ रहा है। सीएमओ डा. विजय कुुमार गोयल के अनुसार शुक्रवार तक जिले से कुल छह लाख 46 हजार 252 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इनमें से कुल 14 हजार 714 कोरोना संक्रमित केस मिल चुके हैं, छह लाख 30 हजार 433 नेगेटिव आई हैं। इनमें से 14 हजार 603 मरीजों ने कोरोना से जंग जीती है और 108 मरीजों ने कोरोना से मौत हुई है। अब एक्टिव केस की संख्या मात्र तीन रह गई है। इस स्थिति को बरकरार रखने के लिए सभी लोगों को अधिक सावधानी बरतने की आवश्यकता है, जिससे फिर दूसरी लहर वाली स्थिति उत्पन्न न हो और इलाज के लिए मारामारी न मचें।